डेंगू माह के रूप में मनाया जाएगा जुलाई
- शहरी व ग्रामीणों क्षेत्रों में किया जाएगा जागरुक
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। स्वास्थ्य विभाग ने मलेरिया माह की तर्ज पर जुलाई माह को डेंगू माह के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू के लक्षण जांचे जाएंगे। सर्वे में जो संदिग्ध मरीज पाए जाएंगे, उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग मानसून सीजन में होने वाली बीमारियों से लोगों को बचाने के लिए सक्रिय हो गया है। पहले जून माह में मलेरिया माह मनाया गया। अब जुलाई माह को डेंगू माह मनाने का फैसला लिया गया है। इसके लिए सर्वे की शुरुआत हो गई है। सर्वे में डेंगू के संभावित मरीजों की खोज की जाएगी। इसके लिए टीमों का गठन किया गया है। इसमें आशा बहुएं, एएनएम व स्वास्थ्य कार्यकर्ता को नियुक्त किया गया है। गठित टीमें घर-घर जाकर लोगों को डेंगू के लक्षणों के प्रति जागरूक करने का काम करेंगी। साथ ही लोगों में लक्षण पाए जाने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती किया जाएगा। इसके लिए जिला अस्पताल में डेंगू के लिए अलग से एक वार्ड बनाया गया है। जहां पर संभावित मरीजों का एनएस 1 टेस्ट किया जाएगा। परीक्षण के दौरान डेंगू के लक्षण पाए जाने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया जाएगा। इसकी निगरानी मलेरिया विभाग के अधिकारियों के द्वारा की जाएगी।
---------
ये हैं डेंगू के लक्षण
- अकस्मात तेज सिर दर्द होना, बुखार होना।
- मांसपेशियों तथा जोड़ों में दर्द होना।
- आंखों के पीछे दर्द होना, जो आंखों को घुमाने से बढ़ता है।
- घबराहट होना व उल्टी होना।
- गंभीर मामलों में नाक, मुंह, मसूड़ों से खून आना व त्वचा पर चकत्ते उभरना
---------
ये हैं रोकथाम के उपाय
- डेंगू फैलाने वाले मच्छर साफ पानी में पनपते हैं।
- कूलर, पानी की टंकी, फ्रिज की ट्रे, टूटे हुए बर्तनों व टायरों में पानी को एकत्रित न होने दें।
- पानी के भरे हुए वर्तनों, टंकी को ढक कर रखें।
- कूलर को खाली करके सुखा लें।
- यह मच्छर दिन में काटते हैं, पूरे शरीर को कपड़ों से ढक कर रखें।
- लक्षण होने पर शीघ्र ही जांच कराएं।
-----------
बनाई जाएंगी मलेरिया की स्लाइडें
डेंगू लक्षण जांच के साथ ही मलेरिया के संभावित मरीजों की स्लाइडें भी बनाई जाएगी। जिन मरीजों में मलेरिया के लक्षण की पुष्टि होने पर उपचार दिया जाएगा।
-----------
जल भराव होने पर दिए जाएंगे नोटिस
जुलाई माह में मौसमी बीमारियों को नियंत्रित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान डेंगू के मरीज तलाशे जाएंगे, साथ ही जल भराव होने पर भूस्वामियों को नोटिस थमाया जाएगा।
केएस यादव
जिला मलेरिया अधिकारी