तीर्थ हमारी आस्था के केंद्र बिंदू : अनीता दीदी
सिरोनजी में तीन दिवसीय वार्षिक मेला संपन्न
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर।
जनपद के ब्लॉक जखौरा स्थित दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र सिरोनजी में श्री शांतिनाथ भगवान की विशाल मूर्ति के साथ-साथ अनेकों बहु प्राचीन जैन मूर्तियां विराजमान हैं। सिरोनजी में पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी तीन दिवसीय वार्षिक मेले का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर आचार्य ज्ञानसागर महाराज की संघस्थ ब्रह्मचारिणी अनीता दीदी ने कहा कि तीर्थ हमारी आस्था के केंद्र बिंदू हैं। तीर्थों पर जाकर हमें आत्मिक सुख और शांति की प्राप्ति होती है। हमारे तनावपूर्ण जीवन में तीर्थों का दर्शन हमें तनाव से मुक्ति दिलाता है। सिरोनजी में बहुत ही प्राचीन अतिशयकारी जिन प्रतिमाएं विराजमान हैं, जो हमारे गौरवमयी विरासत के साक्षात उदाहरण हैं। क्षेत्र के संरक्षण और संबर्धन के लिए सभी को आगे आकर अपना योगदान देना चाहिए। धर्मसभा का शुभारंभ ब्रह्मचारिणी सरिता दीदी के भक्तिपूर्ण मंगलाचरण से हुआ। इस मौके पर प्रात: ध्वजारोहण के बाद अभिषेक, शांतिधारा और पूजन की गई। मूल नायक भगवान शांतिनाथ की पूजन आरती और विधान, विधिविधान पूर्वक संपन्न किया गया। अतिथियों ने नेमीगिरी पहाड़ी के निर्माण कार्य का अवलोकन किया और शांतिनाथ मंदिर पर ध्वजारोहण किया। इस मौके पर क्षेत्र के विकास पर एक सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें समाज के अनेक श्रेष्ठी जनों ने क्षेत्र के संरक्षण संबर्धन के बारे में अपने विचार रखे। मेला अध्यक्ष सेठ प्रदीप जैन नौहरकला रहे। क्षेत्र के अध्यक्ष हीरालाल खजुरिया और विकास मंत्री गुकुल चंद्र सराफ सरोज ने समारोह का संचालन किया। महामंत्री गुलाबचंद्र जैन और कोषाध्यक्ष अरविंद जैन ने बताया कि आयोजन में बड़ी संख्या में जैन और जैनेतर लोगों ने भाग लेकर लाभ लिया। श्रीजी की भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई, जो ग्राम के विभिन्न मार्गों से होते हुए निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु जयकारा लगाते हुए चल रहे थे। मेला का ध्वजारोहण जितेंद्र जैन और चित्र का अनावरण मुकेश जैन तथा दीप प्रज्ज्वलन अरविंद जैन ने किया। इस मौके पर सनत, प्रदीप, पार्षद पंकज मोदी, गोकुल चंद्र सरोज, जिनेश, शीलचंद्र, डॉ. सुनील संचय, अक्षय अलया, मुन्ना जैन, पदमचंद बड़घरिया, प्रेमचंद्र जैन, पंकज, सनत जैन, मनोज मौजूद रहे।