प्रतियोगिता में प्रथम आने पर किया सम्मानित
ललितपुर। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय हैंड बॉल प्रतियोगिता में संयुक्त विजेता रही नेहरू महाविद्यालय की टीम को सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में भगवान आदिनाथ शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय और नेहरू महाविद्यालय की टीम ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
गौरतलब हो कि भगवान आदिनाथ शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय द्वारा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय हैंड बॉल महिला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें नेहरू महाविद्यालय की टीम ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की टीम को 1-8 से श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए हराया। प्रतियोगिता का फाइनल मैच नेहरू महाविद्यालय और भगवान आदिनाथ शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय के बीच हुआ। दोनों टीम तीन-तीन गोल करके बराबर पर रहीं। उन्हें एक्सट्रा समय दिया गया, उसमें भी दोनों टीम बराबर पर रहीं। अंतिम निर्णय के लिये दोनों टीमों को पांच पांच शूटआउट दिये गये। इस शूटआउट में भी दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। अंत में दोनों टीमों को विजेता घोषित किया गया। टीम के सम्मान समारोह के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अवधेश अग्रवाल ने कहा कि आपाधापी भरे जीवन में यदि मनुष्य को अपना जीवन सुखमय बनाना है तो उसे खेल में रुचि लेनी चाहिए। यदि छात्र बचपन से ही अपने जीवन में विभिन्न खेलों को महत्व दें तो उनका मानसिक विकास, स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास बढ़ेगा।
शारीरिक शिक्षा के विभागाध्यक्ष डॉ अनिल सूर्यवंशी ने बताया कि महाविद्यालय के छह छात्रों का चयन अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता चार से सात दिसंबर तक शिमला विश्वविद्यालय, हिमाचल प्रदेश में होगी। सम्मान पाने वाली टीम की सदस्यों में मीरा राजपूत, रेशू कुशवाहा, अभिलाषा राजा, राखी राजा, रिया श्रीवास, अभिलाषा रावत, स्वाती रजक, प्रतिभा राजपूत, श्रद्धा सिंह, दीपशिखा वर्मा, सोनम बुंदेला ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. रामकुमार रिछारिया, डॉ. सूबेदार यादव, डॉ. सुभाष जैन, डॉ. ओमप्रकाश चौधरी, विवेक पाराशर, रवि कुशवाहा, संजय शर्मा, अरविन्द भार्गव, शीलकुमार यादव, शिवांस सोनी आदि उपस्थित रहे।