संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। लोक निर्माण विभाग सड़कों पर हो रहे हादसों की रोकथाम के लिए तीन मार्गों को चिंह्तिकर उन पर रोड मार्किंग करने के साथ ही संकेतक बोर्ड लगाएगा। सड़क के मोड़ों पर लगे पेड़ पर साइनेज(रेडियम) की पट्टी लगाई जाएगी। जिससे वाहन चालक रात के अंधेरे में भी सचेत होकर वाहन चलाएं। इस कार्य के लिए शासन ने 18 लाख रुपये की मंजूरी देते हुए बजट जारी कर दिया है।
जिले में विभिन्न सड़कों पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इनमें कई लोगों की मौत तक हो जा रही है। कारण सड़कों पर संकेतकों का अभाव है। सड़क तो ठीक है, लेकिन पुलिया संकरी व मोड़ होने पर चालक जानकारी के अभाव में तेज गति से चले जाते हैं और दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। यह स्थिति आए दिन विभिन्न मार्गों पर बनी रहती है अब दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए लोक निर्माण विभाग जल्द ही निर्माण कार्य कराएगा। इसके लिए विभाग ने शासन को प्रस्ताव भेजा था, जिसे स्वीकृति के साथ ही बजट भी जारी हो गया है।
इसमें ललितपुर से महरौनी मार्ग, मड़ावरा से महरौनी मार्ग और ललितपुर से बानपुर मार्ग में रोड सेप्टी व साइनेज का कार्य होगा। मार्ग में मोड़, संकरी पुलिया, विद्यालय या अन्य प्रकार के संकेतकों के साइनेज लगाए जाएंगे। साथ ही पेड़ पर रेडियम के स्टीकर लगाए जाएंगे। इससे चालकों को सड़क की स्थिति की जानकारी हो सकेगी। सतर्क व जागरूक होकर चलने से दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
-
सड़कों पर होगी मार्किंग
सड़क पर कोहरा व रात में चलने के लिए रोड मार्किंग की जाएगी। सड़क के बीच में सेंटर लाइन व दोनों ओर एज लाइन डाली जाएगी। इससे चालकों को कोहरे व रात में चलने में सुविधा होगी। साथ ही कोहरे में होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा। यह लाइनें सफेद होने से कम रोशनी में भी नजर आएंगी। इससे चालकों को सफर करने में सुविधा होगी। मोड़ होने पर लाइनों के सहारे वाहन चला सकेंगे।
-
जनपद में तीन सड़कों पर सड़क सुरक्षा के अंतर्गत कार्य कराया जाएगा। इससे आए दिन हो रही दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
- राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग