ललितपुर। जिले में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते नौ दिनों में ही कोरोना संक्रमितों की संख्या 1760 हो गई है। जबकि, इन नौ दिनों में 19 लोगों की मौतें हो चुकी हैं। इनमें कई नामी हस्तियां भी शामिल हैं, जिनकी अन्य जनपदों में उपचार के दौरान कोरोना के चलते मौतें हुई हैं। जबकि, सोशल मीडिया पर टलने वाली खबरों को मानें तो जिले में हर रोज तीन से चार मौतें कोरोना के चलते हुई हैं। ऐसे में वास्तविक आंकड़ा सरकारी आंकड़ों भी काफी अधिक हो सकता है। वैसे सरकारी आंकड़ों में बीते नौ दिनों में मात्र पांच नई मौतें ही बताईं जा रहीं हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ रहे आंकड़ों और हर रोज कोरोना के चलते मौतों से जनपदवासी डरे हुए हैं। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा अब रोजाना दो सौ के आसपास या फिर इससे भी कहीं अधिक पहुंच रहा है। यदि जिले में सौ से अधिक मरीज निकलने वाले आंकड़ों के नौ दिनों का आंकलन किया जाए तो इन बीते नौ दिनों में दो सौ से अधिक संख्या में कोरोना के संक्रमित मरीज जांच में पाए गए हैं। इसके तहत 12 अप्रैल को सबसे पहले जिले ने सौ से अधिक कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा छुआ था। इसके बाद यह आंकड़ा लगातार बढ़ता गया। इसके तहत 11 अप्रैल को 132 कोरोना संक्रमित एवं तीन मौतें, 12 अप्रैल को 147 संक्रमित व तीन मौतें, 13 अप्रैल को 147 संक्रमित, 14 अप्रैल को 186 संक्रमित व तीन मौतें, 15 अप्रैल को 198 संक्रमित व दो मौतें, 16 अप्रैल को 263 संक्रमित व दो मौतें, 17 अप्रैल को 198 संक्रमित एवं 18 अप्रैल को 233 संक्रमित एवं दो मौतें और अब 19 अप्रैल को भी जिले में 266 नए संक्रमित और चार मौतें हुई हैं। इस प्रकार जिले में नौ दिनों में कुल 1760 कोरोना संक्रमित मरीज जांच के दौरान पाए गए हैं, जबकि कुल 19 मौतें हुई हैं, हालांकि इन मौतों की पुष्टि प्रशासन द्वारा भी की गई। जिले की अधिकांश कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतें भोपाल, झांसी, ग्वालियर व दिल्ली में उपचार के दौरान हुई हैं।