महिलाएं घर का कामकाज छोड़ करने पहुंचीं मतदान
डोंगरा खुर्द/अर्जुन खिरिया/ बांसी/ जाखलौन/ बानपुर/ जखौरा। ज्यादा से ज्यादा मतदान करने के लिए चलाई गई मुहिम से गांव में महिलाओं और नौजवानों में उत्साह देखने को मिला। भीषण गर्मी में एक- एक किलोमीटर पैदल चलकर महिलाओं ने मतदान किया। महिलाएं घर का कामकाज छोड़कर पोलिंग बूथों पर पहुंचकर मतदान करने पहुंची। उन्होंने पुरुषों के बराबर लाइन में लगकर मतदान किया। लेकिन, ग्राम देवरी, पारोल, सिंगरवारा, बरोदिया आदि अधिकांश मतदान केंद्रों पर छाया नहीं थी, इस कारण मतदाता इधर- उधर पेड़ों के नीचे छाया तलाशते नजर आए। महिलाएं धूप में बैठने को मजबूर रहीं।
उधर, ईवीएम खराब होने की कई जगह से शिकायतें आने पर प्रशासन ने दूसरी मशीनों की व्यवस्था कराई, लेकिन मतदान शुरू करने में देर हो गई। पाली तहसील के गौना में बूथ क्रमांक 416 में ईवीएम खराब होने से एक घंटे तक मतदान रुक रहा, बूथ क्रमांक 419 में तीन बजे मशीन खराब होने से 45 मिनट मतदान रुका रहा। इसी तरह ग्राम डोंगरा खुर्द में पीठासीन अधिकारी द्वारा मशीन की सेटिंग नहीं कर पाने के कारण दो घंटे मतदान रुका रहा। सूचना मिलने पर एसडीएम पाली नरेंद्र सिंह ने आकर सेटिंग की, तब जाकर मतदान शुरू हो पाया। इसी तरह नाराहट में दो बार मशीन खराब हुई, जिससे तीन घंटे मतदान रुका रहा। ग्राम इमिलिया एवं पारोल में कुछ समय के लिए मतदान बाधित रहा, जिससे कई मतदाता निराश होकर अपने घर लौट गए तो कुछ लोगों ने वहीं रुककर मशीन ठीक होने का इंतजार किया।
बरेजा गांव के लोगो में दिखा आक्रोश
पाली तहसील के बरेजा गांव के लोगों द्वारा अपनी मांगों को लेकर चुनाव का बहिष्कार किया जा रहा था। ग्रामीणों की मांग थी कि गांव में पीने के पानी, सिंचाई एवं सड़क की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण गांव विकास नहीं कर पा रहा है। जबसे जामनी बांध बना है, तब से ग्रामीण बराबर नहर की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन आज तक किसी जनप्रतिनिधि ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। उनकी मांग थी कि जामनी बांध नहर से छोटी नहर निकालकर बरेजा गांव तक डाली जाए जिससे गांव एवं आसपास की हजारों एकड़ जमीन सिंचित हो सके। बहिष्कार की सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी पाली नरेंद्र सिंह एवं नाराहट थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह, सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित बरेजा गांव पहुंचे, उन्होंने ग्रामीणों को समझाया और कहा कि चुनाव बहिष्कार करना समस्या का हल नहीं है। बाद में समझाने पर ग्रामीण अपना वोट डालने को तैयार हुए दस बजे मतदान शुरू हो गया।
बानपुर में लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं व खासतौर से युवा वोटर जो पहली बार मतदान कर रहे थे, बहुत उत्साहित दिखे। पांच मतदान केंद्रों पर नौ बूथों की स्थापना की गई थी। जहां दिन भर मतदान चलता रहा। बूथ क्रमांक 52 पर 1079 के सापेक्ष 813 मत पड़े। बूथ क्रमांक 53 पर 1122 के सापेक्ष 865, बूथ क्रमांक 54 पर 965 के सापेक्ष 667 वोट, बूथ क्रमांक 55 पर 1030 के सापेक्ष 834 मत, बूथ क्रमांक 56 पर 1009 के सापेक्ष 704 मत, बूथ क्रमांक 57 पर 964 के सापेक्ष 665 मत, बूथ क्रमांक 58 पर 1027 के सापेक्ष 686 मत, बूथ क्रमांक 59 पर 1086 के सापेक्ष 704 मत और बूथ क्रमांक 60 पर 882 के सापेक्ष 667 मत पड़े। इस अवसर पर प्रशासनिक व्यवस्थाएं चुस्त- दुरुस्त रहीं।
फोटो- 15, 16
----------
जखौरा में पांच मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ। यहां 6444 मतदाताओं में से 4831 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुरक्षा बल चौकन्ने रहे। जखैरा ब्लाक के ग्राम चितरा में सुबह से कोई मतदान करने नहीं पहुंचा। यहां पर कोई पोलिंग एजेंट भी नहीं था। गांव में सड़क आदि का विकास नहीं होने के कारण ग्रामीणों में रोष था। मतदान बहिष्कार की सूचना पाकर एसडीएम गजल भारद्वाज मौके पर पहुंची। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इसके बाद जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग पहुंचे, उन्होंने आठ दिन में गांव में चौपाल लगाकर समस्याओं का समाधान करने का अश्वासन दिया। इस पर ग्रामीण मान गए।
कहां कितने मत पड़े
गांव कुल मतदाता वोट पड़े
बगौनी 633 480
अर्जुन खिरिया 1393 1023
बरोदिया 807 623
सिंगरवारा 532 438
देवरी 589 426
गुरयाना 847 644
चांदोरा 432 349
गुढ़ा 817 627
धौलपुरा 543 392
बारचोन 995 657
गोना 4181 3057
पटना 1537 1046
पारोल 2667 1929
बांसी 6444 4786
जाखलौन 8314 5325