एक लाख आठ हजार किसानों का डाटा हुआ फीड
ललितपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में एक लाख आठ हजार किसानों के डाटा की फीडिंग करा दी गई है। अवशेष किसानों की फीडिंग का कार्य चल रहा है। डीएम इस कार्य पर नजर रखे हुए हैं। शुक्रवार को डीएम ने सहित आला अधिकारियों ने उप कृषि निदेशक कार्यालय पहुंचकर डाटा फीडिंग की प्रगति जानी। उन्होंने चल रहे कार्य पर संतोष जाहिर किया।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में पांच एकड़ या इससे कम यानी लघु, सीमांत किसानों को लाभान्वित किया जाना है। योजनांतर्गत चयनित किसानों को तीन किश्तों में दो-दो हजार रुपये दिए जाएंगे। इस योजना को मूर्त रूप देने के लिए विभागीय साइड पर किसानों का डाटा फीड कराया जा रहा है। इसमें विभागीय कर्मियों से रात दिन शिफ्ट में काम लिया जा रहा है। डीएम मानवेंद्र सिंह ने डाटा फीडिंग के कार्य में स्वयं रुचि ले रहे हैं। आज उन्होंने एडीएम, सीडीओ के साथ उप कृषि कार्यालय में इसकी समीक्षा की। उप कृषि निदेशक संतोष कुुमार सविता ने बताया कि अब तक एक लाख आठ हजार किसानों का डाटा फीड कराया जा चुका है।
पहली किस्त का इंतजार
प्रधानमंत्री की घोषणा के पश्चात से सैकड़ों किसान योजना का लाभ पाने के लिए आतुर हैं। वह कृषि विभाग की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। अब इस योजना में वृृहद किसानों को भी शामिल करने की मांग जोर पकड़ रही है। उधर, भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने पीएम के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को देकर खरीफ बीमा की जांच कराने की मांग की है। इसमें कहा गया कि ग्राम गदयाना का क्षेत्रफल 5600 एकड़ है, जिसमें करीब पांच हजार एकड़ में फसल बोई जाती है। खरीफ सीजन में एक हजार क्विंटल से कम उड़द पैदा हुआ तो फिर किसानों को कम बीमा क्यों दिया जा रहा है? ज्ञापन पर पहाड़ सिंह यादव, राकेश यादव, अमान प्रजापति के हस्ताक्षर बने हैं।
28 फरवरी तक चलेगा फीडिंग का काम
किसान सम्मान निधि योजना में डाटा फीडिंग का काम चल रहा है। 28 फरवरी तक सभी किसानों का डाटा फीड होने की संभावना है। डीएम प्रतिदिन डाटा फीडिंग की समीक्षा कर रहे हैं।
गौरव यादव, जिला कृषि अधिकारी