वार्षिक परीक्षा में 116 छात्रों ने छोड़ा मैदान
ललितपुर। जनपद में आयोजित हो रही विश्वविद्यालय वार्षिक परीक्षा के क्रम में 13 मार्च को कुल 5,993 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 116 मैदान छोड़कर भागे। दोनों ही पालियों में कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया।
जनपद के 22 केंद्रों पर 25 महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं परीक्षाएं दे रहे हैं। मंगलवार को सुबह 08 बजे से 11 बजे तक की प्रथम पाली में एमए प्रथम वर्ष की गृहविज्ञान, अर्थशास्त्र, संस्कृत व उर्दू की परीक्षा, एमए द्वितीय वर्ष व बीए द्वितीय वर्ष की भूगोल की परीक्षा और बीएससी द्वितीय वर्ष की रसायन विज्ञान की परीक्षा आयोजित की गई। इसमें 1,348 ने परीक्षा दी व 40 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दोपहर 02 बजे से 05 बजे तक आयोजित दूसरी पाली में एमए द्वितीय वर्ष की गृहविज्ञान, भूगोल, अर्थशास्त्र व उर्दू की परीक्षा, एमए प्रथम वर्ष की संस्कृत, बीए प्रथम वर्ष की भूगोल व तृतीय वर्ष की अंग्रेजी और बीएससी द्वितीय वर्ष की रसायन विज्ञान की परीक्षा आयोजित की गई। इसमें 4,645 ने परीक्षा दी और 76 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
नोडल अधिकारी डा. अवधेश अग्रवाल के निर्देशन में उड़ाका दल ने दोनों ही पालियों में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। प्रथम पाली में उड़ाका दल ने एमएसडी महाविद्यालय मिर्चवारा, पहलवान गुरुदीन प्रशिक्षण महाविद्यालय पनारी, जय बुंदेलखंड कालेज पनारी, राजकीय महाविद्यालय ललितपुर व भगवान आदिनाथ कालेज महर्रा का निरीक्षण किया। इस टीम में डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. अनिल सूर्यवंशी, डॉ. सुधाकर उपाध्याय व अंकित चौबे शामिल रहे। दूसरी पाली में नोडल अधिकारी डॉ. अवधेश अग्रवाल द्वारा सरदार पटेल एमएसडी कालेज मिर्चवारा, दीपचन्द्र चौधरी ललितपुर, पहलवान गुरुदीन प्रशिक्षण महाविद्यालय, राजकीय महाविद्यालय ललितपुर व भगवान आदिनाथ कालेज महर्रा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस टीम में डॉ. अनिल सूर्यवंशी, कविता पैजवार, अंकित चौबे शामिल रहे।