चलती कार में लगी आग, बाल बाल बचे सवार
महरौनी (ललितपुर)। महरौनी के समीपस्थ ग्राम कुआघोषी के पास वृहस्पतिवार की सुबह साढे़ नौ बजे महरौनी मडावरा मार्ग पर एक चलती हुई कार में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखकर कार में सवार लोग बाहर भाग कर दूर खडे़ हो गए। बीच सड़क पर धू धू कर जलती कार की वजह से जाम लग गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू किया।
जानकारी के अनुसार मारुति ओमनी वैन महरौनी से वाशिंग पाउडर व साबुन भरकर क्षेत्र के कुम्हैडी लरगन बारौन गौना कुसमाड ग्रामों में सप्लाई करने महरौनी से मड़ावरा रोड की ओर जा रही थी। जैसे ही कार कुआघोषी के पास ही पहुंची थी कि उसमें आग लग गई। कार में सवार लोग उतर कर दूर खडे़ हो गए। तेज आग और कार में रखे गैस सिलेंडर के फटने के भय से कोई भी कार के नजदीक नहीं गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और फायर ब्रिगेड को फोन किया। फिलहाल, कार में आग किन कारणों से लगी इसकी स्पष्ट वजह अभी पता नहीं चल पा रही है। बताया गया कि ग्राम खिरिया लटकनजू निवासी प्रकाश पुत्र रामचरन अपनी मारुति बैन क्रमांक यू पी 94 वी 9333 से महरौनी से कपडे़ धोने का पाउडर साबुन भरकर क्षेत्र में बेचने ले जा रहा था कि गाड़ी ग्राम कुआघोषी के आगे ही पहुंची थी कि अचानक गाड़ी में आग लग गई और देखते ही देखते आग इतनी बढ़ गई कि गाड़ी के पास पहुंचना खतरनाक हो गया कि कहीं उसमें रखा गैस सिलेंडर कहीं फट न जाए। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना प्रशासन व पुलिस को दी गयी और पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर लोगों को जलती गाड़ी से दूर रखा। गाड़ी जलती रही और किसी ने भी गाड़ी के पास जाने की हिम्मत नहीं की और देखते ही देखते महरौनी मडावरा रोड पर बस ट्रक ट्रैक्टर, कारों व बाइक का हुजूम इकट्ठा हो गया सड़क के दोनों ओर वाहनों व राहगीरों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर मौजूद कोतवाली पुलिस व डायल 100 पुलिस ने बड़ी मशक्कत कर लोगों को गाड़ी से दूर रखा। कुछ घंटे तक जाम लगने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और करीब 11 बजे एक दमकल की गाड़ी घटना स्थल पर पहुंची। घटना स्थल पर पहुंचे तहसीलदार महरौनी सुशील कुमार दुबे, के पी सरोज, जगमोहन सिंह सहित अनेक पुलिस बल व डायल 100 को हालात सामान्य करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी ।
----
बाक्स मे
सरकारी कर्मचारी फंसे रहे जाम में
लोग होते रहे परेशान महरौनी से कुम्डैड़ी सैदपुर मड़ावरा गिरार मदनपुर अनेक गांवों में सरकारी सेवाएं देने वाले राज्य कर्मचारी व बैंक कर्मचारी आग बुझने का इंतजार करते रहे। सिलेंडर फटने का अंदेशा लोगों को आगे बढ़ने का साहस भी नहीं जुटाने दे रहा था और लोग घंटों परेशान होते रहे।
-------
बाक्स
फिटनेस के नाम पर चल रहा खेल
प्रशासन का नहीं है खौफ परिवहन विभाग द्वारा कार एलपीजी पास तो कर दी जाती है, लेकिन वाहन के फिटनेस के नाम पर केवल औपचारिकताएं होती हैं। इस कारण पुराने वाहनों में लगी गैस किट खराब या अत्यधिक पुरानी होने के कारण गैस लीकेज होने लगती है और ऐसे हादसे हो जाते हैं। इसके बावजूद भी प्रशासन का यह फिटनिस महज शादी ब्याह में होने वाले नेग जैसा बनकर रह गया है, इसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ता है।