ललितपुर। कोरोना वायरस के प्रकोप के बीच राजकीय इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड परीक्षा 2020 की कॉपियों का मूल्यांकन किया जा रहा है। मूल्यांकन केंद्र पर नियुक्त 355 में से कुल 188 परीक्षक उपस्थित हुए। जिला विद्यालय निरीक्षक ने अनुपस्थित 167 परीक्षकों को उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक रामशंकर ने बताया कि जिले में मूल्यांकन केंद्र के 100 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू की गई है और मूल्यांकन केंद्र में किसी भी व्यक्ति का प्रवेश वर्जित है। केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए टीचर्स को कम से कम दो मीटर की दूरी पर बैठाया गया है। सभी परीक्षक और कर्मचारी को मास्क, ग्लब्स अनिवार्य रूप में पहनने के भी निर्देश दिए हैं। मूल्यांकन केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज को सैनिटाइज किया गया है तथा परीक्षकों और कर्मचारियों को प्रवेश से पहले थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल भी सैनिटाइज किए जा रहे है।
कॉपियाें को जांचने का काम 5 मई से शुरू होकर 25 मई तक चलेगा। इस बार यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 6 मार्च तक चली थीं, लेकिन कोरोनावायरस और लॉकडाउन की वजह से बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियां चेक नहीं हो पाई थीं। बुधवार को हाईस्कूल की 12068 एवं इंटर की 5819 उत्तर पुस्तकों का मूल्यांकन कर लिया गया है। सभी परीक्षकों एवं उपस्थित कर्मचारियों को ‘आरोग्य सेतु’ एप भी डाउनलोड कराया गया है। निरीक्षण के समय उप नियंत्रक राजेंद्र कुमार त्रिपाठी साथ रहे।