नवीन सत्र के लिए पुरानी किताबें की जाएगी जमा
ललितपुर। योगी सरकार के कार्यकाल में परिषदीय विद्यालयों के नवीन शैक्षिक सत्र की दूसरी बार शुरुआत होने जा रही है, लेकिन अभी तक सरकार अव्यवस्थाओं को पटरी पर नहीं ला सकी है। इस बार भी बच्चों को पुरानी किताबों से ही पढ़ाई शुरू करनी होगी। पिछले सत्र के छह माह बीतने के बाद सरकार विद्यालयों में पुस्तकें उपलब्ध करा सकी थी।
दो अप्रैल से परिषदीय विद्यालयों के नवीन शैक्षिक सत्र की शुरुआत हो रही है। नवीन शैक्षिक सत्र पर शासन द्वारा बच्चों को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें, यूनिफार्म व जूते-मोजे और स्कूल बैग उपलब्ध कराती है, लेकिन कभी भी यह सब चीजें बच्चों को समय पर नवीन सत्र के साथ ही उपलब्ध नहीं हो सकी है। योगी सरकार इन हालामों को सुधार नहीं सकी है। बच्चों को वितरित की जाने वाली पाठ्य पुस्तकों को सरकार को इस बार भी काफी देरी होने वाली है, इसलिए बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए बेसिक शिक्षा निदेशक डा.सवेंद्र विक्रम बहादुर सिंह ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए है कि वह वर्ष 2017-18 में बच्चों को वितरित की गई पाठ्य पुस्तकें बच्चों से वापस ले लें। इसके बाद जब इस सत्र की नवीन पुस्तकों की आपूर्ति हो जाती है, तो बच्चों को उनकी पुरानी किताबें वापस कर दी जाएं।