बिजली मिल नहीं रही, कैसे करें सिंचाई
- विभाग के अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी नहीं हुआ सुधार
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। बृहस्पतिवार को ग्राम घटवार व मसौराखुर्द के किसानों ने जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह को ज्ञापन सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली दिए जाने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि बिजली न मिलने से खेतों में खड़ी फसल सूखने की कगार पर आ गई है। बिजली विभाग को लिखित प्रार्थना पत्र देने के बावजूद भी कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं आ रहा है। विभागीय कर्मचारी व अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे है। जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। किसानों के अधिकारियों केे लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। लेकिन कहीं से कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। पिछले दिनों पहले बाईपास स्थित 33 केवी पावर हाउस के निवाई फीडर पर बिजली की समस्याओं को लेकर कई गांवों के किसानों ने ताला बंदी भी की थी। जिस पर अधिकारियों ने तीन दिन का समय लेकर पर्याप्त बिजली देने का अश्वासन दिया था। लेकिन चार दिन बीतने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं जमौरा, सरखड़ी, नयागांव, जिलौनी, झरावटा आदि के किसानों ने बिजली विभाग के अधिकारियों की सह पर कर्मचारियों द्वारा बिजली के तार काट देने के आरोप को लेकर जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। बिजली न आने से किसान खेती नहीं कर पा रहे हैं। ज्ञापन पर शशिकांत दीक्षित, राजेशकुमार, दीपचंद्र, जगन्नाथ, प्रेमचंद्र, भागीरथ, अनिल चौधरी, हजारीलाल, बालकदास, प्रकाश, देवेंद्र सिंह, महेश पटेल, काशीराम, फूल सिंह, निरभान, रामू व शंकर दयाल आदि के हस्ताक्षर रहे।