संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यहां की तीन अंतरराज्यीय सड़कों समेत 16 मार्गों का एक अरब 11 करोड़ रुपये से शीघ्र निर्माण कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने इन सड़कों की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेज दी है। प्रस्तावित सड़कों में तीन पीडब्ल्यूडी की हैं, जिनका निर्माण 85.62 करोड़ रुपये से और नाबार्ड की 33.05 किमी लंबी 13 सड़कों का निर्माण 25.86 करोड़ से कराया जाना है। इस वर्ष के अंतिम माह में इन सड़कों का निर्माण प्रारंभ होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सड़कों का प्रस्ताव तैयार किया गया। अंतरराज्यीय 29 किलोमीटर लंबी सड़कों में बांसी से जखौरा का सुदृढ़ीकरण, बार से बानपुर मार्ग के अवशेष मार्ग का दोहरीकरण, ललितपुर-कैलगुवां मार्ग के दोहरीकरण की योजना तैयार की गई है।
इसके अलावा नाबार्ड के तहत 33 किलोमीटर लंबाई के मार्गों के लिए 25 करोड़ 86 लाख रुपये की कार्ययोजना भेजी है। इसके अलावा देवगढ़ से ललितपुर तक मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 28 लाख रुपये की धनराशि मांगी गई है।
आठ करोड़ 80 लाख से तैयार होंगे प्रवेश द्वार
मुख्यमंत्री ने जनपद को उत्तर प्रदेश का प्रवेश द्वारा माना है। इसके सभी अंतरराज्यीय सीमाओं पर प्रवेश द्वार बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत पांच प्रवेश द्वार बनाए जाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। ललितपुर-महरौनी से टीकमगढ़ मार्ग पर, राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर अमझरा घाटी के आगे, ललितपुर कैलगुवां मार्ग पर, बार लड़वारी में रमपुरा कठवर के पास, पाली पीरघाट मार्ग पर प्रवेश द्वार का निर्माण कराया जाएगा।
-
कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी गई है। स्वीकृति मिलते ही सभी सड़कों व द्वारों का निर्माण प्रारंभ कर दिया जाएगा।-अक्षय त्रिपाठी, जिलाधिकारी।