ललितपुर। शहर के विभिन्न मोहल्लों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने पर संक्रमित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील किया गया है। यहां पर किसी व्यक्ति को प्रवेश और बाहर जाने की अनुमति नहीं है। उपजिलाधिकारी केके सिंह ने कोरोना संक्रमित क्षेत्र के ढाई सौ मीटर के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर पूरी तरह से सील कर दिया है। सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में आवश्यक वस्तुएं सब्जी, दूध, फल की सप्लाई मोबाइल बैरियर तक की जाएंगी। शहर के मोहल्ला बड़ापुरा, मोहल्ला सिविल लाइन, वसुंधरा कॉलोनी चांदमारी, घुसयाना पिसनारी बाग, आजादपुरा, आजादपुरा अटल विद्या मंदिर, अग्रसेन स्कूल के पास, करीमनगर, तालाबपुरा जगदीश मंदिर के पीछे, महावीरपुरा, रैदासपुरा, रावतयाना कर्माबाई नगर, तालाबपुरा, चौबयाना आदि मोहल्लों के संक्रमित क्षेत्रों को सील किया गया है।
कंटेनमेंट जोन क्षेत्र में दो पहिया, चार पहिया वाहन व हाथठेला आदि का आवागमन बंद किया गया है। क्षेत्र में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आपात सेवाओं से जुडे व्यक्तियों को जांच होने के बाद ही जाने की अनुमति दी जाएगी। सुरक्षा व उल्लघंन करने वालों के खिलाफ महामारी अधिनियम की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, महावीरपुरा, घुसयाना, कटराबाजार, लक्ष्मीपुरा, तालाबपुरा, सिद्दनपुरा, सिविल लाइन, बड़ापुरा, आजादपुरा आदि क्षेत्र में 14 दिन तक संक्रमित न मिलने पर कंटेनमेंट जोन हटाया गया है।