ट्रैक्टर से टकराकर बाइक सवार की मौत
ललितपुर। थाना नाराहट अंतर्गत अमझरा घाटी से पहले हाइवे पर गलत दिशा में ट्रैक्टर मोड़ने के दौरान बाइक सवार की ट्रैक्टर से टकराकर मौत हो गई। बाइक के पीछे बैठा साथी गिरने के कारण बाल-बाल बच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
थाना कोतवाली के मोहल्ला बड़ापुरा निवासी जाहिद (50) पुत्र स्व. गफूर खां शनिवार को दिन में करीब साढ़े तीन बजे अपने पड़ोसी नजीम (20) पुत्र बसीर के साथ मप्र के खुरई से बीड़ी का बंडल लेकर बाइक से ललितपुर लौट रहे थे। वह अमझराघाटी के पहले पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे कि अचानक नाराहट की ओर से हाइवे पर एक ट्रैक्टर तेजी के साथ आ गया, जिससे बाइक सवार जाहिद अपना नियंत्रण खो बैठे और बाइक ट्रैक्टर से जा टकराई। इससे जाहिद को सिर और अन्य जगहों पर चोटें आईं और वह गंभीर रुप से घायल हो गए।
जबकि, पीछे बैठे पड़ोसी नजीम जो बीड़ी का बंडल लिए थे, वह बंडल सहित जमीन पर गिर पड़े, जिससे उन्हें अधिक चोटें नहीं आई और वह बाल-बाल बच गए। नजीम ने तत्काल 108 एंबुलेंस को फोन लगाया और एंबुलेंस कीर मदद से उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन वहां भी हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया, इसके बाद परिजन उन्हें ग्वालियर ले गए, लेकिन ग्वालियर ले जाते समय जाहिद की रास्ते में मौत हो गई। परिजन उनके शव को वापस ललितपुर लाए और जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। मृतक के भाई जफर ने बताया कि जाहिद पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। नाराहट थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर गलत दिशा से आ रहा था, इस कारण बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई। घटना में जाहिद की ग्वालियर ले जाते समय मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया, ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है।