भूसा बैंक का ललितपुर मॉडल प्रदेश में लागू होगा
ललितपुर।
ललितपुर में स्थापित भूसा बैंकों की तर्ज पर पूरे प्रदेश के राजस्व ग्रामों में भूसा बैंकों की स्थापना की जाएगी। इससे संबंधित शासनादेश जल्द जारी किया जाएगा। लखनऊ में हुई कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में ललितपुर में गोवंश संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने यह फैसला लिया। उन्होंने डीएम मानवेंद्र के कार्यों की सराहना की।
जिलाधिकारी ने गोवंश आश्रय स्थल पर पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया। वह एकमात्र जिलाधिकारी ऐसे रहे, जिन्हें समीक्षा बैठक में पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन प्रस्तुत करने की अनुमति मुख्यमंत्री ने प्रदान की। प्रजेंटेशन समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन की तारीफ की व उपस्थित जिलाधिकारियों को ललितपुर मॉडल पर आधारित गोवंश आश्रय स्थल स्थापित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद में भूसा बैंक स्थापित किए जाने के संदर्भ में जिलाधिकारी के प्रयासों की सराहना की। जिले में प्रत्येक राजस्व ग्राम में भूसा बैंक की स्थापना की गई है, जिसमें संबंधित राजस्व ग्राम के लेखपाल द्वारा प्रत्येक किसान से कम से कम एक क्विंटल भूसा प्राप्त कर भूसा बैंक में सुरक्षित रखा जाता है।
बता दें कि पूर्व में प्रदेश सरकार की कैबिनेट ने जनपद में स्थापित कल्यानपुरा गोवंश आश्रय स्थल के मॉडल को आदर्श मॉडल के रुप में स्वीकार किया था। शासनादेश जारी कर कल्यानपुरा गोवंश आश्रय स्थल की तर्ज पर प्रदेश के सभी जनपदों में गोवंश आश्रय स्थल बनाने को कहा गया था।