धरती से गगन तक दिख रहा गर्मी का सितम
पाली। तेज धूप एवं धूल के गुबार के बीच चल रहीं गर्म हवाओं से धरती और गगन में सूनापन बना हुआ है। जहां लोग घरों में बैठना मुनासिब समझ रहे हैं, वहीं आसमान में स्वच्छंद उड़ान भरने वाले पक्षी भी ठिकाने पर ही रहकर गर्मी से बच रहे रहे हैं।
तापमान का पारा खूब आंखें तरेर रहा है। नौतपा में गर्मी ने पूरा सितम दिखा दिया था, लेकिन सितम का सिलसिला अब भी बरकरार है। नौतपा ने जिस प्रकार अपना रंग दिखाया उससे किसान पूरी तरह खुश हैं। खरीफ की फसल की बुवाई की बाट जोह रहे किसानों ने अब आसमान की ओर टकटकी लगानी शुरू कर दी है। ग्राम कैथोरा निवासी देव सिंह लोधी बता रहे हैं कि नौतपा में खेतों की जुताई करना उपज के लिए उत्तम साबित होता है। जुताई हो जाए तो तेज धूप से खेतों के हानिकारक जीव नष्ट हो जाते हैं। इस नौतपा में बूंदाबांदी नहीं हुई जो अच्छे संकेत माने जाते हैं।
खरीफ की बुवाई के लिए अधिकांश किसानों ने अपने खेत तैयार कर दिए हैं, देर है तो अब मानसून आने की। चल रही गर्म हवाओं और धूप से लोग बेहाल हैं। लोग जल्दी ही अपना काम निपटा रहे हैं, ताकि घर से निकलने से बचा जा सके। सुबह दस बजे से लेकर शाम छह बजे तक सड़कों पर सूनापन रहता है। बाजार भी बेजार बने रहते हैं। यहां तक कि आसमान में उड़ान भरने वाले पक्षी भी सुबह जल्द अपने बच्चों के भोजन का इंतजाम कर आशियाने में ही समय बिता रहे हैं। अब गर्मी से झुलस रहे लोगों को मानसूनी बारिश का इंतजार है।