गोविंद सागर बांध की सिल्ट साफ होने से हल होगी पेयजल समस्या
ललितपुर। जिले में गहरा रहे पेयजल संकट को देखकर एक बार फिर गोविंद सागर बांध में जमी सिल्ट की सफाई की मांग जोर पकड़ने लगी है। सोमवार को स्वच्छ ललितपुर सुंदर ललितपुर (संगठन) ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी सदर को सौंपा है। इसमें कहा गया कि बांध की सिल्ट साफ होने से पेयजल संकट का स्थायी समाधान हो सकेगा।
संगठन के अध्यक्ष अमित तिवारी ने ज्ञापन देते हुए बताया कि शहर के नजदीक बने गोविंद सागर बांध को करीब साठ साल हो गए हैं। इसमें सिल्ट जमा हो गई है। इस कारण बांध अब पूर्ण क्षमता से नहीं भरा जा रहा है। इसका विपरीत असर दिखाई देने लगा है। ग्रामीण क्षेत्रों की पाइप पेयजल योजनाओं को पानी नहीं मिल पा रहा है। गर्मियों के सीजन में शहर में ही पेयजल की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इस समस्या के लिए जल संस्थान की पुरानी मशीनरी भी कम दोषी नहीं है। संस्थान आज भी पुरानी पाइप लाइनों के सहारे शहर को जलापूर्ति कर रहा है। इससे विभिन्न मोहल्लों में पेयजल की समस्या बनी हुई है। जिन क्षेत्रों का विस्तार हो चुका है, वहां नई पाइप लाइनों का विस्तार नहीं हो सका है। इस बांध से मोहल्ला नेहरू नगर, चांदमारी व सदनशाह क्षेत्र को जलापूर्ति की जानी है। यदि बांध की सिल्ट समय रहते नहीं हटाई गई तो भविष्य में शहर के लिए सुचारु पेयजल आपूर्ति करना जल संस्थान के लिए चुनौती बन जाएगा। उन्होंने संकरी पाइप लाइनों की जगह चौड़ी पाइप लाइनों को डलवाने की मांग भी की है। ज्ञापन पर डॉ. प्रबल सक्सेना, संजय विश्वकर्मा, रोहित तिवारी, हरपाल सिंह चंदेल, मृत्युंजय सिंह चंदेल, अंकित जैन के हस्ताक्षर बने हैं।