साइफन लाइन फटने से आधे शहर की लड़खड़ाई जलापूर्ति
ललितपुर। जल संस्थान की साइफन लाइन फटने से शहर की जलापूर्ति एक बार फिर लड़खड़ा गई। शनिवार को कई मोहल्लों में दस से पंद्रह मिनट की जलापूर्ति हुई। इससे लोगों को हैंडपंप से पानी जुटाना पड़ा। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि रविवार को भी आधे शहर की जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
जल संस्थान पुरानी मशीनरी के सहारे शहर की जलापूर्ति को सुचारू बनाने का प्रयास कर रही है। शुक्रवार की रात्रि में मोहल्ला तालाबपुरा डोंडाघाट स्थित कर्बला रोड से निकली साइफन लाइन अचानक फट गई। इससे पानी आसपास के कुछ घरों में घुस गया। इस पाइप लाइन से विभिन्न मोहल्लों में जलापूर्ति होती है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर जल संस्थान के अधिकारियों ने इसकी मरम्मत का काम आरंभ कर दिया, लेकिन शनिवार की सुबह जलापूर्ति हुई तो कई मोहल्लों में दस से पंद्रह मिनट के लिए ही पानी पहुंच सका। इनमें मोहल्ला चौबयाना, लक्ष्मीपुरा, रावतयाना, पटेल नगर, चौका बाग आदि शामिल रहे।
रविवार को भी मोहल्ला तालाबपुरा, सरायपुरा, आजाद चौक, नदीपुरा, चौबयाना, रावतयाना, पटेल नगर, चौकाबाग क्षेत्र में जलापूर्ति बाधित रहने की संभावना है। उधर, अपर जोन में क्षेत्रपाल मंदिर के पीछे पेयजल की समस्या देखी जा रही है। जहां दो हैंडपंप खराब पड़े हैं। कभी- कभार ही जलापूर्ति होती है। इस वजह से लोगों को हैंडपंप पर निर्भर रहना पड़ता है। हालांकि, अधिकारियों ने समस्याग्रस्त में टैंकर से जलापूर्ति आरंभ की है। इसके बाद भी कई लोगों को पेयजल समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है।
श्री क्षेत्रपाल मंदिर के पीछे कभी कभार ही नल आते हैं। यदि आते हैं तो वह भी दस मिनट के लिए पानी मिल पाता है। इससे घर के पानी का खर्च नहीं चल पाता है। मजबूरन, हैंडपंप से पानी जुटाना पड़ता है।
- गुलाब
-----
श्री क्षेत्रपाल मंदिर के पीछे बारह महीने पेयजल की समस्या बनी रहती है। घर में नल नहीं आते हैं, इसलिए हैंडपंप से पानी भरकर काम चलाते हैं। आसपास के कई हैंडपंप खराब हो गए हैं, जिससे परेशानी और बढ़ गई है।
- विमलेश
साइफन लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसकी सूचना मिलते ही लाइन की मरम्मत का कार्य प्रारंभ करा दिया है। रविवार को इससे जलापूर्ति प्रभावित रह सकती है।
- प्रवीण यादव, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान