प्रसिद्ध तीर्थ स्थल झूमरनाथ धाम में जुटेंगे साधु महात्मा
काशी से आये पुजारियों द्वारा प्रतिदिन की जायेगी महाआरती
अमर उजाला ब्यूरो
पुलवारा (ललितपुर)।
प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र झूमरनाथ गुफा मंदिर में 19 से 26 मई तक 108 कुण्डीय श्री विष्णु महायज्ञ, 9 कुण्डीय श्री रुद्र महायज्ञ और रामकथा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान अखंड संकीर्तन, श्री रामचरितमानस पाठ और गौ माता पूजन का आयोजन होगा।
19 मई को कलश यात्रा के साथ आयोजन का शुभारंभ होगा। 20 मई को पंचांग और वेदी निर्माण, 21 मई को पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश और 22 मई से अग्नि वास एवं यज्ञ प्रारंभ होगा, जो वाराणसी से पधारे सुधाकर प्रसाद द्विवेदी एवं डॉ. रमेश कुमार तिवारी प्रयाग द्वारा संपन्न कराया जाएगा। 25 मई को यज्ञ की पूर्णाहुति, गौ ब्राह्मण पूजन एवं विदाई तथा 26 मई को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिदिन दोपहर 3 से 6 बजे तक हनुमान गढ़ी अयोध्या से पधारे रामानंद दास जी द्वारा श्री राम कथा, रात्रि आठ से 12 बजे तक वृंदावन के कलाकारों द्वारा रासलीला, देवराज पटैरिया एवं चंद्र भूषण पाठक द्वारा गौ संगम संध्या का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में प्रमुख रूप से जगदगुरु गणेश दास महाराज, महामंडलेश्वर संतोष दास, सतुआ बाबा, मदन मोहन दास महाराज सहित सैकड़ों की संख्या में संत समाज का जमावड़ा होगा। इनके विश्राम हेतु कुटिया आदि की व्यवस्था की गई है। यह जानकारी चंद्रशेखर पाठक ने दी ।