पांच को निकलेगी आचार्य श्री विद्यासागर त्रिदिवसीय पद यात्रा
ललितपुर में चतुर्मास के लिए आमंत्रित करने के लिए सात मई को पहुंचेंगे भक्त
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर।
जैन संत आचार्य विद्यासागर टीकमगढ़ के पपौरा जी में विहार कर रहे हैं। उनको चतुर्मास बिताने के लिए ललितपुर आमंत्रित करने के उद्देश्य से भक्त पदयात्रा के रूप में पपौरा पहुंचकर श्रीफल भेंट करेंगे। इसके लिए आचार्य श्री विद्यासागर त्रिदिवसीय पद यात्रा का शुभारंभ पांच मई की सुबह छह बजे होगा।
पदयात्रा के संबंध में क्षेत्रपाल मंदिर में आयोजित पत्रकार वार्ता में यात्रा के संयोजक नरेंद्र कड़ंकी ने बताया कि आचार्य विद्यालय सागर के ससंघ नगर ललितपुर में भव्य आगमन सुनिश्चित करने के लिए पद यात्रा निकाली जा रही है। यह तीन दिवसीय यात्रा पांच मई की सुबह छह बजे क्षेत्रपाल मंदिर से प्रारंभ होगी और संस्कार वैली एकेडमी, खितवांस स्थित पटेल इंटर कॉलेज में अल्प विश्राम करती हुई सजनाम तिराहा स्थित रघुवीर सिंह विद्यालय में रात्रि विश्राम करेगी। छह मई की सुबह छह बजे फिर यात्रा प्रारंभ होगी और छपरट गेस्ट हाउस, महरौनी, टोल टैक्स पर अल्प विश्राम करती हुई कुंडेश्वर जी में रात्रि विश्राम करेगी। सात मई को यह यात्रा सुबह आठ बजे जैन अतिशय क्षेत्र पपौरा जी में प्रवेश करेगी। जहां आचार्य विद्यासागर को पद यात्री सामूहिक भक्ति पूजन के साथ श्रीफल अर्पित कर चतुर्मास के लिए आमंत्रित करेंगे। संयोजक नरेंद्र कड़ंकी ने बताया कि यात्रा से संबंधित सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सभी धर्मों के लोग यात्रा में शामिल होंगे। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पपौरा जी में आचार्य श्री को आमंत्रित करने के दौरान जनपद से लगभग सात हजार से अधिक लोग मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि आचार्य विद्यासागर गोसेवा के प्रति संवेदनशील हैं। इसी को ध्यान में रखकर यात्रा में चार बैलगाड़ियां रहेंगी। इनमें आचार्य श्री का चित्र, गोसेवा का संदेश, हथकरघा समेत विभिन्न प्रदर्शनी लगाई जाएंगी। वहीं, यात्रा में शामिल वृद्ध महिला और पुरुषों के लिए बसों की व्यवस्था की गई है। पत्रकार वार्ता के दौरान जैन पंचायत के अध्यक्ष अनिल जैन अंचल, संजय रसिया, राजकुमार जैन, प्रदीप जैन, संतोष इमलिया, पार्षद मोदी पंकज जैन, महेंद्र सिंघई, रवि चुनगी, संजीव जैन मौजूद रहे।