पालिका कार्यालय का बेसमेंट पार्किंग के लिए खुला
ललितपुर।
मंगलवार से नगर पालिका परिषद ने अपने कार्यालय की बेसमेंट को दुपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए खोल दिया है। इस सूचना से शहरवासी काफी उत्साहित नजर आए।
शहर में पार्किंग की समस्या किसी से छिपी नहीं है। जिन लोगों ने कामर्शियल कांप्लेक्सों का निर्माण कराया है, उनमें से अधिकांश ने बेसमेंट को पार्किंग के लिए इस्तेमाल नहीं किया है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष रजनी साहू ने इस समस्या को गंभीरता लिया और बेसमेंट को पार्किंग के लिए खुलवा दिया। मंगलवार सुबह से ही पालिका का एक कर्मचारी बेसमेंट में वाहन पार्क करने की ओर इशारा कर रहा था। इस दौरान कई वाहन चालक नई व्यवस्था से असहज दिखे। उन्होंने पालिका कर्मी को नजरअंदाज करते हुए मुख्य गेट पर दुपहिया वाहन खड़े कर दिए तो कुछ पालिका कर्मचारियों को भी बेसमेंट में वाहन रखना रास नहीं आया। ऐसे कर्मचारियों ने बेसमेंट की गैलरी के सामने ही अपने दुपहिया वाहन खड़े कर दिए, जिससे कुछ लोग चाहते हुए भी अपनी बाइक बेसमेंट तक नहीं ले जा सके।
पार्किंग खोलने में किसी ने नहीं ली रुचि
डा. शादीलाल कॉमशियल कांप्लेक्स के निर्माण के बाद किसी भी पालिकाध्यक्ष ने बेसमेंट को पार्किंग के लिए खोलने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। एक अध्यक्ष ने अपने कार्यकाल में एक बाजार चलाने के लिए बेसमेंट खुलवा दिया था, जिसमें वह घिर गए थे। इसके बाद तो किसी ने बेसमेंट की ओर पलटकर नहीं देखा।
जनता इसका उठाए लाभ
नगर पालिका परिषद ने बेसमेंट में पार्किंग की सुविधा मुहैया करा दी है। आमजन मानस इस सुविधा का लाभ उठाए। पहला दिन होने के कारण कुछ लोग पार्किंग में आनाकानी करते दिखे। लेकिन एक दो दिन में इस व्यवस्था को सभी स्वीकार करेंगे। इससे शहर की यातायात व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।
आरके लवानिया, प्रभारी अधिशासी अधिकारी
नगर पालिका परिषद ललितपुर।