स्वच्छता अभियान को चिढ़ा रही कच्ची सड़क व बजबजाती नाली
ललितपुर।
प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम में नगर की कच्ची सड़कें व बजबजाती नालियां बाधक बन रहीं हैं। कच्ची सड़कों पर न तो ठीक से सफाई होती है और न ही गंदे पानी की निकासी संभव हो पाती है। हालांकि, नगर पालिका अध्यक्ष ने ऐसी स्थानों को चिह्नित कर उन्हें पक्का कराने पर ध्यान देना शुरू कर दिया है।
शहर का सीमा विस्तार होने से कई ग्रामीण इलाके नगर पालिका परिक्षेत्र में आ गए हैं। वार्ड नंबर आठ जुगपुरा चुनाव से पहले गठित हुआ है। इससे पहले यह ग्राम पंचायत हुआ करती थी। नए वार्ड में कई गलियों में कच्ची सड़कें व नाली हैं, जिसमें सिवनी मुहल्ला काफी पिछड़ा है। यहां बीच सड़क से होकर नाली का गंदा पानी बह रहा है। जिससे स्थानीय परिवारों के लिए मच्छर काफी परेशान करते हैं। यही नहीं, मलेरिया जैसी बीमारियों के फैलने का अंदेशा हर समय बना रहता है। कमोवेश यही स्थिति हर प्रसाद की चक्की वाली गली का है। यहां रहने वाले परिवारों ने अपने घरों के सामने कच्चे चबूतरे बना लिए हैं ताकि नाली का गंदा पानी उनके घर के पास न आए। ऐसी स्थिति में दूर से गली ऊबड़ खाबड़ नजर आती है। मकान के निर्माण में लाखों रुपये लगा चुके लोगों का कहना है कि गलियों के विकास पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिस कारण उनकी परेशानी कम होने की जगह बढ़ रही हैं। अब नए पालिकाध्यक्ष से मुहल्ले के विकास की उम्मीद है।
सड़क नाली की समस्या हो गए परेशान
वार्ड में नेहरू युवा केंद्र की ओर जाने वाली सड़क हो या घर के सामने से निकली सड़क, नाली की बात हो। दोनों ही जगह नाली का पानी सड़क पर बह रहा है। बारिश के दिनों में तो स्थिति और गंभीर हो जाती है। हर समय घर के दरवाजे बंद करने पड़ते हैं। गेट खोलते हैं तो मच्छर घर में अंदर आ जाते हैं, वहीं सड़क पर बहते गंदे पानी को देख मन खराब हो जाता है।
उर्मिला झां
सड़क नाली के बगैर मकान अधूरा
प्रधानमंत्री के सपने को पूरा करने की जिम्मेदारी नगर पालिका की बनती है कि वह कच्ची सड़कों व नाली को पक्का कराए। जब तक सड़क, नाली पक्की नहीं होगी तब तक सफाई की बात करना बेमानी होगा। मकान की सुंदरता भी पक्की सड़क व नाली बनती है। लेकिन अब तक पालिका ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है जो एक चिंता का कारण है।
डा. अनीस खान
.....
कुटेशन के बाद भी नहीं हुआ निर्माण
नगर पालिका ने कच्ची सड़क, नाली को पक्का करने के लिए चार कुटेशन निकाल चुकी है। लेकिन इसका निर्माण अब तक प्रारंभ नहीं हो सका है। सड़क पक्की कराने के लिए सदर विधायक से भी संपर्क साध चुके हैं। लेकिन सड़क को पक्का कराने का आश्वासन नहीं मिला है। अब नए अध्यक्ष से वार्ड में व्याप्त समस्याओं के समाधान की उम्मीद बंधी है।
कप्तान सिंह सोलंकी
.....
बच्चे भी नहीं खेल पाते बाहर
सड़क, नाली कच्ची होने से बच्चों को घर से बाहर नहीं निकालते हैं। हर समय यह भय बना रहता है कि कहीं बच्चे खेलते समय नाली में न गिर जाए। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष व सभासद का ध्यान इस ओर दिलाया गया है। अब देखते हैं कि इस गली का नंबर कब लगता है? इस समस्या के कारण रिश्तेदार भी यहां आने से कतराते हैं।
मनोज साहू
......
बनवाई जाएगी पक्की सड़क व नाली
जुगपुरा वार्ड नया गठित हुआ है, इससे यह क्षेत्र ग्राम पंचायत में शामिल था। जिसमें काफी काम कराने की जरूरत है। नगर पालिका क्षेत्र की कच्ची सड़कों का चिह्नींकरण कर उन्हें पक्का कराएगी।
रजनी साहू
अध्यक्ष
नगर पालिका परिषद ललितपुर।