कांग्रेस की पदयात्रा शुरू, समस्याओं के निदान की मांग
महरौनी से शुरू होकर ललितपुर में समाप्त होगी पांच दिवसीय पदयात्रा
नगर पंचायत सीमा का विस्तार सहित कई समस्याओं को उठाई गई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
महरौनी (ललितपुर)। तहसील मुख्यालय होने के बाद भी महरौनी के लोगों को विभिन्न समस्याओं से दो चार होना पड़ रहा हैं। आवागमन के लिए सड़क की समस्या हो या फिर पीने के पानी की। नगर पंचायत महरौनी का विस्तार या आवारा जानवरों का विचरण ऐसी कई समस्याओं से महरौनी के लोग जूझने को मजबूर हो रहे हैं। ऐसी ही 11 सूत्रीय समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराने को लेकर कांग्रेस की पांच दिवसीय पदयात्रा महरौनी से शुरू हो गई हैं, जो ललितपुर में जाकर समाप्त होगी।
पदयात्रा का नेतृत्व कर रहे पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष नीरज प्रताप सिंह का कहना हैं कि कच्छप गति से चल रहे महरौनी नगर के मुख्य मार्ग का निर्माण कार्य न सिर्फ नगरवासियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ हैं, बल्कि बाहर से आने व जाने वाले वाहन चालकों को भी आवागमन में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा हैं। हर रोज लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। साथ ही दुकानदारों का धंधा भी चौपट हो रहा हैं। इस कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराना अतिआवश्यक हो गया हैं। इतना ही नहीं निर्माणाधीन सीसी रोड पर काली मिट्टी डाल दी गई जो राहगीरों के लिए कोड़ में खाज का काम कर रही हैं। इसे हटाकर रोड़ किनारे गिट्टी डालना आवश्यक हो गया हैं। यहां आवारा जानवरों की समस्या विकराल रूप धारण कर रही हैं, जो न केवल रोड पर जमा रहते हैं। बल्कि किसानों के खेत में घुसकर फसल को रौंदकर और खाकर नष्ट कर रहे हैं। जानवरों को गौशाला भिजवाना आवश्यक हो गया हैं। नगर में अतिक्रमण के नाम पर सिर्फ गरीबों पर ही कार्रवाई हुई हैं, उनकी दुकानों को तोड़कर उन्हें बेरोजगार कर दिया गया, जो गलत हैं ऐसी स्थिति में उन्हें परिवार का भरण पोषण करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं। ऐसे गरीबों को रोजगार हेतु अन्य जगह मुहैया कराई जाना आवश्यक हो गया हैं। महरौनी के मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने एवं सुचारु करने के लिए बाईपास का निर्माण जरूरी हो गया हैं। इसके अलावा भूमिहीन गरीब पात्र व्यक्तियों को आवास, विधवा, वृद्धा पेंशन, भरण पोषण हेतु उन्हें 25 किलों गेहूं व 10 किलों चावल दिए जाने, पाली झील का गहरीकरण व डैमेज नहर का पुन: निर्माण, महरौनी के मंडी रोड, पुराना सौजना रोड़ मास्टर कालोनी में पानी की सप्लाई हेतु पाईप लाईन स्वीकृत किए जाने व गरीबों को सार्वजनिक जगह पर स्टैंड पोस्ट लगवाए जाने एवं नगर पंचायत सीमा का विस्तार कराए जाने एवं सीमा बाहर के मोहल्लों में विकास कार्य कराए जाने आदि मांगों को लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराकर उनका निराकरण के लिए पांच दिवसीय पदयात्रा निकाली जा रही हैं इसके बाद भी समस्याओं का निराकरण नहीं होता हैं तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरने को मजबूर हो जाएंगे। उनके साथ पूर्व पार्षद नारायण सिंह, जानकी पेंटर सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।