डीआरएम ने रेलवे स्टेशन पर परखीं यात्री सुविधाएं
ललितपुर। मंडल रेल प्रबंधक ने मंगलवार को ललितपुर से आगासौद तक के सभी रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। उन्होंने ललितपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया और पूछताछ खिड़की के पास एटीवीएम मशीनें स्थापित करने के निर्देेश अधिकारियों को दिए। बड़े वाहनों से शुल्क वसूलने की बात भी कही।
फरवरी के तीसरे सप्ताह में ललितपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे के जीएम का निरीक्षण कार्यक्रम प्रस्तावित है, इसके चलते मंडलीय अधिकारी अभी ललितपुर समेत आसपास के सभी स्टेशनों पर छोटी बड़ी सभी कमियों को दूर करने के प्रयास में लगे हुए हैं। यही कारण है कि मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक एके मिश्रा ने ललितपुर समेत आगासौद तक सभी मंडलीय रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इसके बाद दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे वह विशेष ट्रेन से ललितपुर स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले प्लेटफार्म नंबर एक का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने शौचालय और प्लेटफार्म पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद वह टिकट घर पहुंचे, जहां उन्होंने शोपीस बनी रखी एटीवीएम मशीनों और खाली टिकट काउंटरों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि एटीवीएम मशीनों से कितनी टिकट खरीदी जा रही है। उन्होंने टिकट घर का स्थायी रुप से बंद चल रहा दूसरा चैनल गेट खोलने के निर्देश दिए। इसके अलावा यहां टिकट घर के लिए बनाए गए रैंप की रैलिंग भी बंद मिली, जिसे भी उन्होंने खुलवाने को कहा। रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट बाहर स्टील की रैलिंग में काफी कम गैप मिलने पर यात्रियों को होने वाली परेशानी का एहसास होने पर उन्होंने अधिकारियों को गैप बढ़ाने के निर्देश दिए। फिर उन्होंने स्टेशन के बाहर विवादित जमीन पर बने अस्थाई वाहन स्टैंड पर रखे जाने वाले चार या बड़े वाहनों से शुल्क वसूलने को कहा। इसके बाद वह पूछताछ विंडो के पास पहुंचे, जहां उन्होंने यहां विंडो के बाहर दो एटीवीएम मशीनों को रखवाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने पूछताछ विंडो के पास वेटिंग हॉल में सीलिंग की लाइटें बंद मिली, जिसे उन्होंने खुद अपने सामने से जलवाया और पंखे भी चलवाकर देखे। उन्होंने यहां पंखे भी बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। इसके बाद वह प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित महिला वेटिंग रुम में प्रकाश व्यवस्था कम होने पर एलईडी बढ़ाने के निर्देश दिए। हालांकि दूसरे वेटिंग रुम में प्रकाश व्यवस्था ठीक पाई गई। इसके बाद उन्होंने प्लेटफार्म एक पर दिव्यांग शौचालय में व्यवस्थाएं भी देखीं। इसके बाद उन्होंने नेहरुनगर की ओर बने रेलवे अतिथि ग्रह और अन्य कार्यालय व रेलवे अस्पताल आदि का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं चाकचौबंद रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान सीनियर डीओएम, सीनियर डीसीएम विपिन कुमार, सीनियर डीईएन अजय सिंह, सीनियर डीईई धर्मेंद्र कुमार, स्टेशन प्रबंधक श्रेयांश चंद्र जैन, रेल यातायात निरीक्षक डीके चतुर्वेदी, सीटीआई एनके बिलगैंया, आरएस यादव, रनवीर सिंह, लक्ष्मीनारायण तिवारी इलेक्ट्रिकल विभाग के आरएस यादव, रनवीर सिंह आदि उपस्थित रहे।