अस्थाई ड्यूटी समाप्त कर स्कूल भेजे जाएं शिक्षक
ललितपुर। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधि मंडल ने बीएसए से मुलाकात कर दूरदराज के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षिकाओं की अस्थाई ड्यूटी समाप्त कर उन्हें मूल विद्यालय भेजने की मांग की है। इसमें कहा गया कि तमाम शिक्षक, शिक्षिकाओं से ब्लाक संसाधन केंद्रों पर शिक्षणेत्तर कार्य लिया जा रहा है जो गलत है।
जिलाध्यक्ष रविकांत ताम्रकार ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग में रोक के बाद भी संबद्धीकरण फलफूल रहा है। खंड शिक्षा अधिकारी अपने स्तर से काम की अधिकता दर्शाकर शिक्षक, शिक्षिकाओं की ड्यूटी लगा रहे हैं। जिससे दूरदराज के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी पड़ गई है। जिन शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, उनमें प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, अनुदेशक भी शामिल हैं। इस पूरे मामले पर खंड शिक्षा अधिकारी चुप हैं, जिससे विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था चरमरा रही है। इसके अलावा उन्होंने पदोन्नत वेतनमान का निर्धारण करने, सीसीएल व मैटरनिटी अवकाश स्वीकृत करने, सभी प्रधानाध्यापकों को वित्तीय चार्ज दिलाने, पाठ्य पुस्तकों के उठान के मामले में शिक्षकों से उगाही होने के मामले की जांच कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में हरभजन सिंह, कैलाश चंद्र राणा, वीर सिंह कुशवाहा, उमाशंकर राठौर, कमलदास साध, शंकरलाल सेन, पुष्पेंद्र जैन, अंशु नामदेव, अंबरीश विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे।