कालोनी, मुहल्लों में गहराया जलसंकट
पार्षद ने की पानी समस्या के निस्तारण की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर।
शहर के मुहल्ला टौरिया, करीमनगर, लेड़ियापुरा, राजपूत कालोनी में गर्मी शुरू होते ही पानी की समस्या गहराने लगी है। वार्ड नंबर 16 के पार्षद हरिओम ने डीएम को ज्ञापन देकर बताया कि उनके वार्ड में मुहल्ला टौरिया, करीमनगर, लैड़ियापुरा, राजपूत कालोनी में कई वर्षों से पेयजल की समस्या चली आ रही है। इससे मुहल्लेवासी पेयजल के लिए परेशान होते रहते हैं। निकट समय में गर्मी का मौसम शुरू होने वाला है, जिससे पानी की काफी परेशानी होने की संभावना है। उक्त वार्डों में कई जगह पानी की पाईप लाइन डाली ही नहीं गई है और जहां पानी की पाईप लाइन है वह छोटी होने के कारण पर्याप्त मात्रा में पानी की आपूर्ति नहीं हो पाती है। टौरिया और राजपूत कालोनी के आसपास के क्षेत्र में जमीन में पत्थर होने के कारण यहां बोर सफल नहीं है, जिससे यहां जल संयोजन की नितांत आवश्यकता है। उक्त संबंध में संबंधित अधिकारियों को कई बार पत्राचार कर समस्या समाधान की मांग की गई, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो सका है। पार्षद ने जिलाधिकारी से उक्त वार्ड के मुहल्लों में पेयजल समस्या निस्तारण की मांग की है।
गौ-एंबुलेंस का अनावरण किया
ललितपुर। गौ-एंबुलैंस का अनावरण गौ सेवक दिलीप चाचा द्वारा किया गया। यह एंबुलेंस 24 घंटे गौ सेवा के लिए उपलब्ध रहेगी। संस्था के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि यह एंबुलेंस जन सहयोग से तैयार की गई है और सदैव गौ सेवा के लिए तत्पर रहेगी। शहर में कहीं भी घायल गौर वंश मिलने पर कोई भी व्यक्ति संस्था का सूचना दे सकता है। एंबुलेंस का अनावरण तुवन सरकार मंदिर में हुआ। इस मौके पर अध्यक्ष प्रशांत शुक्ला, सुनील चौबे, भगत सिंह, मज्जू सोनी, राहुल चौबे, रामकिशोर मुखिया, नूतन राज सक्सेना, सुमित अग्रवाल, आदर्श रावत, डा.राजीव निरंजन, साहवेंद्र सिंह, अनुज शर्मा, अनुराग परिहार, भोलू यादव, मोहित जैन, संजीव कश्यम, बृजेश झा, उमेश सुड़ेले आदि उपस्थित रहे।
गोवंश आश्रय स्थल में किया अंशदान
ललितपुर। जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिला युवा अध्यक्ष विशाल जैन ने कल्यानपुरा में खोले जा रहे गोवंश आश्रय स्थल में अपना अंशदान चैक जिलाधिकारी को भेंट किया और आजीवन सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर शैलेंद्र सिंघई, जिलाध्यक्ष सुरेश बड़ेरा, प्रदीप सतरवांस, जितेंद्र सोनी आदि उपस्थित रहे।