रानी लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार के लिए रिचा व प्रीति का नाम प्रस्तावित
ललितपुर।
विगत कुछ वर्षों से आठ मार्च को विश्व महिला दिवस के मौके पर वीरता व समाजसुधार के क्षेत्र में काम करने वाले प्रदेश की वीर महिलाओं व बालिकाओं को उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। इसी क्रम में वर्ष 2017-18 इस पुरस्कार के लिए जनपद से दो नामों को प्रस्तावित किया है।
इनका चयन डीएम मानवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में गठित जिला संचालन समिति द्वारा किया गया है। इसमें पहला नाम महिलाओं व बालिकाओं को आत्मरक्षा व आत्मनिर्भर बनाने व महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट काम कर रही सैडो ग्रुप की प्रीति शुक्ला का है। दूसरा नाम बेसिक शिक्षा परिषद की शिक्षिका रिचा अग्रवाल का है, जो बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ महिला सशक्तीकरण समेत समाजसेवा व समाजसुधार के केंद्र में काम कर रही हैं।
मुफ्त में सिखातीं हैं जूडो-कराटे और करातीं है प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी
प्रीति शुक्ला द्वारा सैडो ग्रुप संचालित किया जाता है, यह ग्रुप सोसायटी फॉर लीगल एंड ऐजूकेशन राईट्स संस्था के अधीन संचालित होता है। इस सैडो ग्रुप के बैनर तले प्रीति शुक्ला जनपद की महिलाओं व लड़कियों को आत्मरक्षा के लिए जूडो कराटे सिखाती हैं। इसके लिए हर रविवार को स्थानीय कंपनी बाग में विशेष शिविर का आयोजन होता है और इसके साथ ही स्कूलों व महाविद्यालयों में भी कैंप लगाकर लड़कियों को आत्मरक्षा के लिए तैयार किया जाता है। काउंसलिंग का भी आयोजन किया जाता है, जहां बालिकाएं व युवतियों अपनी समस्याओं को बतातीं है। प्रीति शुक्ला बतातीं है कि सभी स्कूलों व महाविद्यालयों में 11-11 छात्राओं की सैडो पावन टीम भी गठित की गई है। इसके अलावा वह शिक्षा शिविर भी लगाती हैं, जिसमें छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है।
अपने गांव की हर बालिकाओं को पहुंचाया विद्यालय
बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय प्राथमिक विद्यालय मड़ियन में प्रधानाध्यापक पद पर तैनात रिचा अग्रवाल का नाम द्वारा बालिका शिक्षा के क्षेत्र व समाजसेवा के विभिन्न क्षेत्रों में किए जाने के कारण प्रस्तावित किया गया है। उन्होंने अपने विद्यालय के परिवेश को काफी सुंदर बनाया और गांव की बालिकाओं को शिक्षा की मूल धारा से जोड़ा है। वह बाल विवाह को रोकने, महिला स्वरोजगार प्रशिक्षण, सेनीटेशन कार्यक्रम, महिला मतदाता जागरूकता अभियान, यातायात के नियमों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम, रक्तदान करना व शिविर का आयोजन के अलावा समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से जिला अस्पताल में अन्नपूर्णा भोजनशाला, मुक्ति संस्थान के साथ अज्ञात शवों के दाहसंस्कार में सहयोग, प्याऊ आदि समाजसेवी क्षेत्रों में कार्यरत हैं। महिला कल्याण, राष्ट्रीय स्तर पर बुंदेलखंड का प्रदर्शन, विद्यालय स्वच्छता और पर्यावरणीय विकास, महिला स्वावलंबन, दिव्यांग बच्चों को प्रोत्साहन, स्वच्छ भारत मिशन, वर्ड वॉचिंग कार्यक्रम, महिला सम्मान, विज्ञान मेला, योग कार्यक्रम, पपेट शो व तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में भी कार्यरत हैं।
इनका कहना है
जनपद से केवल दो ही नाम सामने आए हैं, उनकी विस्तृत जानकारी भी शासन को भेज दी गई है। पुरस्कार के लिए जनपद के दोनों नामों में कोई चयनित हुआ है या नहीं इसकी अभी तक कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
- सुरेंद्र कुमार पटेल
जिला प्रोवेशन अधिकारी/ सचिव जिला संचालन समिति ललितपुर।