यूनिफार्म के लिए 4.56 करोड़ मिले
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। शासन ने सर्व शिक्षा अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क दी जाने वाली यूनिफार्म के लिए धनराशि जारी कर दी है। पहली किस्त में 4.56 करोड़ रुपये शिक्षा विभाग को दिए गए हैं। बकाया राशि उक्त धन खर्च होने के बाद दी जाएगी। वहीं, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के लिए शत-प्रतिशत धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। शासन ने 15 जुलाई तक यूनिफार्म वितरित कराने के निर्देश दिए हैं।
शासन ने यूनिफार्म वितरण के लिए 75 प्रतिशत धनराशि के रूप में प्रथम किश्त जारी कर दी है। इसमें जनपद के लिए कुल स्वीकृत धनराशि छह करोड़ 08 लाख 94 हजार के सापेक्ष शासन ने 04 करोड़ 56 लाख 70 हजार 500 रुपए जारी दिए गए हैं। अभियान के तहत परिषदीय प्राथमिक विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालयों, अनुदानित प्राथमिक विद्यालय, अनुदानित उच्च प्राथमिक विद्यालय, बालश्रम उन्मूलन विद्यालय, समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विद्यालय, राजकीय विद्यालय, माध्यमिक अनुदानित विद्यालय, अनुदानित मदरसों में कक्षा एक से आठवीं तक की समस्त बालिकाओं और अनुसूचित, अनुसूचित जनजाति व गरीबी रेखा के नीचे के परिवार के बालकों को उक्त धनराशि से दो-दो सेट यूनिफार्म वितरित की जानी है। शासन द्वारा उपलब्ध कराई गए धनराशि से जनपद के कुल 1 लाख 52 हजार 235 बच्चे लाभान्वित होंगे। इसमें बालिकाओं की संख्या 90,793 है, इन पर कुल 3.63 करोड़ रुपए व्यय किया जाएगा। इसके अलावा बालकों में अनुसूचित जाति के 22,248 बालकों को 88.99 लाख रुपए, अनुसूचित जनजाति के 8,530 बालकों को 34.12 लाख रुपए और गरीबी रेखा के नीचे के परिवार के 30,664 बालकों को 1.22 करोड़ रुपए की लागत से दो-दो सेट यूनिफार्म वितरित की जानी है। प्रत्येक सेट के लिए शासन ने दो-दो सौ रुपए निर्धारित किए गए हैं। गौरतलब है कि शासन ने इस वर्ष से बच्चों की यूनिफार्म के रंग में परिवर्तन कर दिया है। यूनिफार्म वितरण को लेकर शासन व जनपद स्तर पर पूर्व में ही आदेश जारी किए जा चुके हैं।
कस्तूरबा विद्यालय को मिला पूरा बजट
सर्व शिक्षा अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए भी दो-दो सेट यूनिफार्म नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। इसके लिए शासन ने शत-प्रतिशत धनराशि आवंटित कर दी है। जनपद में कुल छह कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संचालित हो रहे हैं। प्रत्येक विद्यालय में 100 छात्राओं की क्षमता होती है, जिसके सापेक्ष कुल 600 छात्राओं के लिए शासन ने 2.40 लाख रुपए उपलब्ध करा दिए हैं।
प्रदेश सरकार दे चुकी है अपना हिस्सा
प्रदेश सरकार जनपद के 16 हजार 300 बालकों के लिए यूनिफार्म वितरित कराने के लिए पूर्व में ही 18 लाख रुपए का बजट उपलब्ध करा चुकी है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित विद्यालय की प्रबंध समिति के खातेें यूनिफार्म वितरण के लिए धनराशि भी जारी की जा चुकी है।
वर्जन
विद्यालय समितियों के खातों में राशि जल्द
शासन ने सर्व शिक्षा अभियान के तहत जनपद में वितरित की जाने वाले यूनिफार्म के लिए धनराशि जारी कर दी है। जैसे ही धनराशि विभाग के खाते में आती है, तत्काल विद्यालय प्रबंध समिति के खातों में धनराशि उपलब्ध करा दी जाएगी। प्रयास रहेगा कि शासन के निर्देश के अनुसार 15 जुलाई तक यूनिफार्म वितरण का कार्य पूर्ण कर लिया जाए।
- संतोष कुमार राय
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, ललितपुर।