तालबेहट। कोतवाली के अंतर्गत ग्राम गूगर में बृहस्पतिवार की रात्रि जमीन की जुताई को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। घटना के सात दिन बाद कोतवाली पुलिस ने दूसरे पक्ष की तहरीर पर 12 से अधिक लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्राम गूगर निवासी शिवलाल पुत्र दौलती और राजाराम पुत्र हरपे के मध्य ढाई एकड़ जमीन के एक पट्टे पर कब्जे को लेकर विवाद था। इसको लेकर दोनों पक्षों में 11 जून की रात में लाठी, डंडे, कुल्हाड़ी, लुहांगी चल गए थे। करीब दो घंटे तक हुए खूनी संघर्ष में दोनों पक्ष के सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिसमें शिवलाल पुत्र दौलती, मोनू पुत्र शिवलाल, राजाराम पुत्र हरिप्रसाद, तारा देवी पत्नी सुरेंद्र, सुरेंद्र पुत्र राजाराम, गेंदाबाई पत्नी राजाराम, सोनू पुत्र लल्लू को गंभीर घायल अवस्था में झांसी रेफर कर दिया गया। जहां से शिवलाल और मोनू की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया था।
पुलिस ने एक पक्ष की गंगा पत्नी शिशुपाल के शिकायती पत्र पर शिवलाल पुत्र दौलती, रवि, राजकुमार, मोनू पुत्रगण शिवलाल, लल्लू, सुखदास, पप्पू उर्फ कोमल पुत्र दौलती सहित आठ अज्ञात लोगों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था।
दूसरा पक्ष अपना मुकदमा दर्ज कराने के लिए कई दिनों से पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रहा था। बुधवार को पुलिस ने दूसरे पक्ष की राजवती पत्नी शिवलाल के शिकायती पत्र पर विपक्षी राजाराम पुत्र हरपे, सुरेंद्र पुत्र राजाराम, जगदीश पुत्र निरपत, राकेश पुत्र जगदीश, राजेंद्र, कैलाश पुत्रगण तेज सिंह, नरेश पुत्र राजेंद्र सिंह, शीतल पुत्र भगवान दास, गोविंद पुत्र शीतल, सागर पुत्र कैलाश, रोशन पुत्र दीपक, कृपाल पुत्र रोशन, बादाम पुत्र शीतल निवासी ग्राम गूगर तथा उनके रिश्तेदार परशुराम पुत्र नारायण सिंह ग्राम थानागांव के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।