संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की परीक्षा में 18590 छात्र शामिल हुए। 1217 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए मजिस्ट्रेट और सचल दल भ्रमणशील रहे।
यूपी बोर्ड की परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 49 केंद्रों पर कराई जा रही है। शुक्रवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल के अंग्रेजी विषय का पेपर 49 केंद्रों पर हुआ। कुल 19128 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिसमें से 17945 छात्र परीक्षा देने पहुंचे और 1183 अनुपस्थित रहे।
इंटरमीडिएट का कंप्यूटर का पेपर चार केंद्रों पर हुआ। पंजीकृत 222 परीक्षार्थियों में से 198 छात्रों ने परीक्षा दी। 24 छात्र अनुपस्थित रहे। 11 केंद्रों पर कृषि वनस्पति विज्ञान की परीक्षा हुई। 228 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 219 उपस्थित हुए। नौ परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। कृषि अर्थशास्त्र के पेपर में पंजीकृत 229 में से 228 परीक्षार्थी उपस्थित और एक अनुपस्थित रहा। इस प्रकार सुबह की पाली में हुई परीक्षा में 18590 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1217 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी।
डीआईओएस कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम के जरिये परीक्षा की निगरानी की जाती रही। डीआईओएस ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए परीक्षा केंद्रों पर पुलिस फोर्स तैनात रहा।