कहीं विद्यालय बंद तो कहीं बीएलओ गायब मिले
बीएलओ आंगनबाड़ी सहायिकाओं के पति करते मिले मतदाता पुनरीक्षण का काम
जिलाधिकारी ने दिए अनुपस्थित कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभा निर्वाचक नामावली मतदाता पुनरीक्षण के लिए विशेष अभियान का निरीक्षण जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में स्वयं जाकर किया। इसमें कहीं विद्यालय में ताला बंद मिला, तो कहीं बीएलओ अनुपस्थित मिले तो कहीं बीएलओ आंगनबाड़ी सहायिकाओं के पति कार्य करते पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने उप/सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम द्वारा रविवार को किए निरीक्षण में रविवार को प्राथमिक विद्यालय, मिर्चवारा में ताला बंद मिला। निरीक्षण के समय दोपहर 1.15 बजे विद्यालय में ताला लगा पाया गया, जबकि बीएलओ व पदाभिहित अधिकारी को चार बजे तक तक विद्यालय में उपस्थित रहकर कार्य करना चाहिये था। पूर्व माध्यमिक विद्यालय, मिर्चवारा में स्थापित बूथ संख्या 351 में बीएलओ निधि खरे उपस्थित मिली, जबकि हरीसिंह रजक, सुपरवाईजर अनुपस्थित थे। बीएलओ द्वारा बताया गया कि 18 फार्म संख्या-6 जमा किये जा चुके हैं और आज 02 फार्म जमा हुए हैं। यहां जेंडर रेशियो के बारे में जानकारी नहीं दी जा सकी। इसी विद्यालय में ही बूथ संख्या 352 में बीएलओ उपस्थित नहीं पाई गई। प्राथमिक विद्यालय खितवांस में बूथ संख्या 378 में सुपरवाईजर सियाराम अनुपस्थित पाये गये। बताया गया कि फार्म 22 जमा हो चुके हैं और रविवार को चार फार्म जमा हुए हैं। ईपी रेसियो 61.93 प्रतिशत पाया गया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय खितवांस में सुपरवाईजर नारायणदास, पदाभिहित अधिकारी प्रअ अजरा खान व बीएलओ ने बताया कि कुल 982 मतदाता है, जिनमें 473 महिलाएं हैं। अभी तक फार्म-6 कुल 15 जमा किये गए, जहां सुपरवाईजर को निर्देशित किया कि वह सौंपे गये सभी बूथों पर बीएलओ को स्पष्ट रूप से जानकारी उपलब्ध कराएं और सहयोग प्रदान करें। बूथ संख्या 227 व भाग संख्या 373 की बीएलओ आंगनबाड़ी सहायिका हैं, जिनके पति मौके पर उपस्थित मिले और कार्य करते पाए गए। कुछ देर बाद बीएलओ उपस्थित और बताया कि उनके पेट में दर्द होने के कारण उनके पति कार्य कर रहे थे। बीएलओ को कड़े रूप से निर्देशित किया कि वह स्वयं कार्य करें, इसमें पति का हस्तक्षेप गैर कानूनी है। सुरवाईजर शैलेश सोनी अनुपस्थित पाये गये। कुल 880 वोटर के सापेक्ष महिला वोटर की संख्या अधिक पाई गई। निर्देशित किया गया कि गहनता से जांच की जाए कि जिन लड़कियों की शादी हो गई है, जो मतदाताओं की मृत्यु हो गई है अथवा बाहर चले गये हैं, उनका परीक्षण कर संशोधन किया जाय। महिला बीएलओ के पति का विद्यालय में उपस्थित रहकर कार्य करना आपत्तिजनक है। इस संबंध में उप/सहायक निर्वाचन अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। वहीं प्राथमिक विद्यालय, सिलावन के बूथ नं. 108 पर सुपरवाईजर अनुपस्थित पाये गए और जनसंख्या के आंकड़े उपलब्ध नहीं पाए गए। बीएलओ द्वारा बताया गया कि तीन बूथ होने के कारण स्थिति स्पष्ट नहीं है। निर्देशित किया गया कि सुवरवाईजर बूथवार आंकड़े उपलब्ध कराएं और विवरण अद्यतन रखा जाय। पूर्व माध्यमिक विद्यालय समोगर में बूथ संख्या 112 के निरीक्षण में सुपरवाईजर अनुपस्थित मिले। बूथ संख्या 111 पर सुरवाईजर आरपी दीक्षित अनुपस्थिति पाये गये। प्राथमिक विद्यालय, कुआघोसी में बूथ संख्या 138 पर सुपरवाईजर विनोद कुमार अनुपस्थित पाये गये। कुल मतदाताओं की संख्या 677 बताई गई, जिसमें 335 महिला व 342 पुरुष मतादाता है, लेकिन कुल जनसंख्या ज्ञात नहीं थी।