जेल में दिया रोजगार परक व्यवसायिक शिक्षा का प्रशिक्षण
जिला कारागार में लगाया विधिक साक्षरता शिविर
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शुक्रवार को जिला कारागार में आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में महिला कैदियों व उनके साथ रहने वाले बच्चों को शिक्षा व रोजगार परक व्यवसायिक शिक्षा का प्रशिक्षण देकर जागरूक किया गया।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जनपद में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश बीएस पटेल के नेतृत्व में 10 दिवसीय विधिक साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसके तहत जनपद में शहरी और ग्रामीण इलाकों में एक मोबाइल वैन के माध्यम से लोगों को विधिक जानकारी मुहैया कराई जा रही है। इसी क्रम में जिला कारागार में भी निरुद्ध महिला कैदियों और उनके साथ रह रहे बच्चों की शिक्षा एवं उन्हें रोजगार परक व्यवसायिक शिक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सत्येंद्र सिंह वर्मा ने कहा कि महिलाओं व उनके बच्चों के विधिक अधिकार जेल में रहते हुए भी सुरक्षित हैं और वह जेल में रहते हुए भी अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर सकती हैं। जेल में रहते हुए भी उनके बच्चों को शिक्षा के पर्याप्त अवसर मुहैया कराए जाते हैं और रोजगार परक शिक्षा से उनके बच्चों सुधारा जा सकता है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की सहायक अध्यापिका सोनम शर्मा, नुपुर श्रीवास्तव द्वारा जेल में निरुद्घ महिला बंदियों और उनके बच्चों को शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और पढ़ने एवं उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए रोजगार परक शिक्षा के विषय को विस्तृत रूप से समझाया। साथ ही यहां रहने वाले बच्चों को स्वरोजगार करने के लिए प्राधिकरण द्वारा प्रेरित किया गया। इस मौके पर कारापाल एसपी सिंह, उपकारापाल मुकेश प्रकाश, सुरेश कुमार, सरोज वर्मा, पैनल लॉयर रत्नप्रभा जैन, यासमीनजहां, मिथलेश कुमारी, अयूब खां, मो. आरिफ उपस्थित रहे।