बिजली विभाग नहीं बढ़ा रहा लोड, कैसे चले सीटी स्कैन मशीन
ललितपुर। जिला अस्पताल में लगाई गई सीटी स्कैन मशीन का लाभ विद्युत विभाग की उदासीनता के चलते मरीजों को नहीं मिल पा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने पांच माह पूर्व ही दिए गए एस्टीमेट के आधार पर राशि का भुगतान कर दिया है, इसके बाद भी सीटी स्कैन मशीन को बढ़ा हुआ पावर लोड नहीं मिल सका है। ऐसे में यह चालू नहीं हो पा रही है।
जिला अस्पताल में 278 किलो वाट एंपीयर का कनेक्शन है। 250-250 किलोवाट के दो ट्रांसफार्मर रखे हुए हैं। इनमें से एक ही ट्रांसफार्मर से अस्पताल में विद्युत आपूर्ति की जा रही है, जबकि दूसरा ट्रांसफार्मर बंद पड़ा है। बीते कुछ माह पूर्व जिला अस्पताल को सीटी स्कैन मशीन की सौगात मिली है, लेकिन पांच माह में इसे चालू नहीं कराया जा सका है। इसे चालू कराने के लिए 150 किलोवाट एंपीयर विद्युत की आवश्यकता पड़ रही है। इसे ध्यान में रखकर स्वास्थ्य विभाग ने बीते माह में विद्युत विभाग को बिजली का लोड बढ़ाने के लिए आवेदन किया है। इस पर विद्युत विभाग ने 19 हजार रुपये जमा करने के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने 19 फरवरी 18 को 24 लाख 75 हजार 185 रुपए का भुगतान कर दिया। इसके बाद विभाग ने अस्पताल में एक नया मीटर तो लगा दिया है लेकिन उन्होंने सीटी स्केेन की जरूरत के हिसाब से लोड नहीं बढ़ाया। परिणाम यह है कि आज भी सीटी स्कैन मशीन के कवर नहीं खुल पाए हैं, जिससे अस्पताल में सीटी स्केन कराने पहुंच रहे मरीजों को मायूसी हाथ लग रही है।
जताई अनभिज्ञता
जिला अस्पताल की सीटी स्कैन मशीन का लोड बढ़ाने संबंधी मामला मेरे समक्ष नहीं आया है। पूर्व में तैनात अधिकारियों के दौरान फाइल चली होगी। इस मामले की जानकारी लेकर विद्युत लोड बढ़ाने की कार्रवाई की जाएगी।
नरेंद्र कटियार
अधिशासी अभियंता
विद्युत विभाग
विद्युत अफसरों से लगातार संपर्क में
सीटी स्कैन के लिए पावर लोड बढ़वाने के लिए पहले ही धनराशि जमा करा चुके हैं। इसके बाद भी जो लोड बढ़ाने में समस्या आ रही है, उसके निदान के लिए निरंतर विद्युत अफसरों से संपर्क में बने हुए हैं।
डा. संजय वासवानी
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक
जिला संयुक्त चिकित्सालय