इग्नू विश्व में उच्च शिक्षा का सबसे बड़ा संस्थान: रीना कुमारी
ललितपुर।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय नई दिल्ली के क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ द्वारा इग्नू के पाठ्यक्रमों पर उच्च शिक्षा जागरूकता शिविर का शुभारंभ इग्नू की असिस्टेंड डायरेक्टर डॉ. रीना कुमारी, प्राचार्य डॉ. अवधेश अग्रवाल, कोआर्डीनेटर डॉ. ओमप्रकाश शास्त्री ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती पूजन करके किया।
इस अवसर पर शिविर को संबोधित करते हुए असि.डायरेक्टर डॉ. रीना कुमारी ने कहा कि इग्नू एक विशालतम मेगा ओपन यूनिवर्सिटी है। जो दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से घरेलू, दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, कामकाजी लोगों की उच्च शिक्षा से जुड़ने के सपने को साकार करता है। इग्नू द्वारा 226 पाठ्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। इन पाठ्यक्रमों में सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, स्नातक एवं परास्नातक हैं। इग्नू द्वारा संचालित प्रमुख कौशल विकास आधारित पाठ्यक्रमों में मानवाधिकार, साइबर ला, भोजन एवं पोषण, आपदा प्रबन्धन, अंग्रेजी शिक्षण, कार्यकारी अंग्रेजी भाषा, मार्गदर्शन, मूल्य शिक्षा, पर्यावरण अध्ययन, पर्यटन अध्ययन, सूचना प्रौद्योगिकी, पोषण एवं बाल देखभाल, उपभोक्ता संरक्षण, मानव तस्करी रोकथाम आदि विषयों के स्नातक प्रमाण पत्र और साथ ही हिन्दी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, मनोविज्ञान, दर्शनशास्त्र, इतिहास, राजनीतिविज्ञान में एम.ए. उपलब्ध है। यह सभी पाठ्यक्रम भारतीय विश्वविद्यालय संघ के सभी सदस्य संस्थानों द्वारा मान्यता प्राप्त हैं एवं सभी भारतीय विश्वविद्यालयों/संस्थानों की उपाधियों/डिप्लोमा/प्रमाण पत्रों के समतुल्य हैं। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति/जनजाति के विद्यार्थियों को नि:शुल्क प्रवेश दिया जा रहा है। अत: 28 जुलाई तक इच्छुक विद्यार्थी गण प्रवेश ले लें। इस अवसर पर डा. अनिल सूर्यवंशी, हरीश चंद्र दीक्षित, संजीव शर्मा, सूबेदार यादव, रामकुमार रिछारिया, ऊषा तिवारी, वर्षा जैन, संदीप श्रीवास्तव, संतोश राठौर, चन्द्रभूषण शर्मा आदि उपस्थित रहेे।