डीएम की अध्यक्षता में बने तुवन मंदिर संचालन समिति
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। तुवन मंदिर भूमि की सुरक्षा को लेकर मांग जोर पकड़ने लगी है। बुुधवार को नगर कांग्रेस कमेटी सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया है। इसमें कहा गया कि फर्जी वसीयत दावों को निरस्त कर भूमि की सुरक्षा की जाए।
नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरीबाबू शर्मा ने डीएम को दिए ज्ञापन में आरोप लगाया कि तुवन मंदिर की वेशकीमती जमीन सिद्दन मंदिर स्थित 12.5 एकड़ भूमि है। जिसकी फर्जी वसीयत तैयार कर भूमाफिया उसे बेचने के लिए तानाबाना बुन रहे हैं। इसमें कुछ नेताओं की भूमिका भी सामने आ रही है। वहीं, मंदिर परिसर में असामाजिक तत्वों की दखलदांजी बनी हुई है। जिससे श्रद्घालुओं को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। मंदिर में असामाजिक तत्वों की रोकथाम के लिए सीसीटीवी कैमरा लगवाते हुए तुवन मंदिर संचालन समिति का गठन किया जाए, जिससे मंदिर की भूमि सुरक्षित रह सके। ज्ञापन पर प्रदीप रिछारिया, मुकेश रजक, संजीव हुंडैत, हरविंदर सलूजा, अजय तोमर, रामनरेश दुबे के हस्ताक्षर बने हैं। उधर, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने डीएम को दिए ज्ञापन में आरोप लगाया कि फर्जी वसीयत के आधार पर मंदिर की चल अचल संपत्ति पर कुछ लोग कब्जा जमाने पर आमादा हैं। इसमें तथाकथित महंतों की भूमिका भी है। मंदिर की दानराशि को बैंक खाते में जमा कराया जाए, जिससे कि मंदिर का विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने छदम भेषधारियों के मंदिर की गतिविधियों में हस्तक्षेप करने पर रोक लगाने की मांग की है। ज्ञापन पर रूपनारायण त्रिवेदी, अंकित यादव, सूर्यकांत बबेले, अभिषेक नायक, प्रमोद बबेले, चंद्रशेखर दुबे, राजीव हुंडैत, अमन शर्मा, अंकित चौधरी, आयुष शर्मा, कपिल मिश्रा, मनमोहन, दीपक गोस्वामी, शैलेश बरया, रामकुमार पुरोहित, विपिन तिवारी, अमित चौबे, अखिलेश कुमार आदि के हस्ताक्षर बने हुए हैं।