अंगूठा लगाने पर मिलेगा रियायती दरों का राशन
ललितपुर।
जुलाई माह से अब कार्ड धारकों को ईपीओएस मशीन पर अंगूठा लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि यदि किसी कार्डधारक द्वारा अंगूठा लगवाए बगैर ही अनाज वितरित किया जाता है, तो उसे वितरित राशन स्टाक में जमा कराना होगा। ऐसे में कोटेदार को वितरण में मनमानी कराना आसान नहीं होगा।
जिले की 518 दुकानों से दो लाख 42 हजार पात्र गृहस्थियां और 27 हजार दो सौ 81 अंत्योदय कार्डधारकों को संबद्ध किया गया है। इन सभी कार्डों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत राशन वितरित किया जा रहा है। शासन ने राशन वितरण में पारदर्शी व्यवस्था लागू करने के उद्देेश्य से ईपीओएस (इलेक्ट्रानिक पाइंट्स ऑफ सेल) मशीन के इस्तेमाल को हरी झंडी दे दी। वर्तमान में शहर की 48, पाली की चार, महरौनी की चार, तालबेहट की चार व जखौरा की थनवारा व सीरोनखुर्द की दुकान पर ईपीओएस मशीन का इस्तेमाल ट्रायल्सबेस पर हो रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी डीएसराम ने जुलाई माह से ईपीओएस मशीन पर कार्डधारकों के अंगूठा लगवाने के पश्चात उन्हें राशन मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि कार्डधारकों का डाटा पहले ही साफ्टवेयर में फीड कर लिया गया है। अब जैसे ही कार्डधारक मशीन पर अंगूठा रखेगा, वैसे ही उसका डाटा खुलकर सामने आ जाएगा। कार्डधारक की पहचान की पुष्टि होते ही राशन वितरित कर दिया जशाएगा।
कोटेदारों को रुलाएगा नेटवर्क
ईपीओएस मशीन पर अंगूठा लगाने को भले ही अनिवार्य कर दिया गया हो, लेकिन कनेक्टीविटी की समस्या का अभी तक समाधान नहीं हो सका है। ऐसे में कोटेदारों के साथ कार्डधारकों को परेशान होना तय माना जा रहा है। पूर्व के महीनों मेें कोटेदारों के सामने मशीन के सही तरीके से काम नहीं करने व कनेक्टीविटी नहीं मिलने की समस्याएं सामने आई हैं।
80 फीसदी कार्ड ही हो पाए आधार से लिंक
पूर्ति विभाग की तमाम कसरतों के बाद भी सभी कार्डों को आधार से नहीं जोड़ा जा सका है। जिन कार्डों के आधार लिंक नहीं हैं, उनके लिए राशन वितरण की समस्या आएगी। ऐसे कार्डधारकों की कुंडली मशीन पर नहीं खुलेगी। लेकिन, यदि कार्ड में किसी एक यूनिट का आधार लिंक है तो उसे राशन उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।