दर्जन भर घरों में दौड़ा करंट, एक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
डाेंगराखुर्द (ललितपुर)। ग्राम बनियाना में हाइटेंशन लाइन का तार ट्रांसफार्मर पर गिरने से दौड़े करंट की चपेट में आए युवक की मौत हो गई। तेज धमाके के साथ ट्रांसफार्मर और कई खंभों पर तार जलने लगे। हादसे में दर्जन भर से अधिक घरों में करंट दौड़ गया। इससे कई लोग बुरी तरह झुलस गए। वहीं, पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को हादसे की सूचना देने के बावजूद डेढ़ घंटे तक बिजली नहीं काटी गई।
बिरधा स्थित 33 केवी विद्युत सब स्टेशन में स्थापित नाराहट फीडर से ग्राम बनियाना में हाइटेंशन लाइनों के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जाती है। शुक्रवार की रात करीब साढ़े दस बजे मुरलीधर बुनकर के मकान के पास 11 हजार केवी लाइन में अचानक फाल्ट हो गया और एक तार टूटकर ट्रांसफार्मर पर जा गिरा। हाइटेंशन तार के ट्रांसफार्मर से टकराते ही दूर तक गांव में फैली लाइन व खंभों से धमाकों की आवाज के साथ चिंगारियां निकलने लगीं। यह देख लोग घरों से बाहर की ओर भागे। इतने में दर्जन भर से अधिक घरों में भी करंट दौड़ गया। इस बीच रोहित पुत्र प्रहलाद भी अपने घर का गेट खोलकर बाहर निकलने लगा, लेकिन गेट में करंट आने से वह चिपक गया। यह देख उसके पिता प्रहलाद दौड़कर उसे छुड़ाने का प्रयास किया। इसमें वह बुरी तरह झुलस गए। जबकि, कुछ मिनटों में ही रोहित जमीन पर गिर पड़ा।
ग्रामीणों की मदद से परिजन उसे बिरधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहे थे, लेकिन रोहित की रास्ते में ही मौत हो गई। घरों में करंट दौड़ने से विद्युत उपकरण भी जल गए। ग्रामीणों के अनुुसार हाइटेंशन तार टूटकर गिरने के दौरान खंभों में काफी देर तक आग जलती रही। पीसीसी खंभों का सीमेंट जलने से उनके सरिए तक निकल आए हैं। लल्लू नायक के घर में लगा पंखा, कूलर, फ्रिज जल गए। रविकांत रजक के घर की एलसीडी, श्यामलाल की टीवी जल गई। ग्रामीणों ने हादसे की जानकारी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दी। लेकिन, करीब डेढ़ घंटे बाद भी गांव की बिजली बंद नहीं की गई। इस घटना से ग्रामीणों में विद्युत विभाग और प्रशासनिक अफसरों के प्रति नाराजगी है।
- बनियाना गांव में हाइटेेंशन लाइन का तार ट्रांसफार्मर पर गिरने से खंभों में लगी आग
- घर छोड़कर बाहर भागे ग्रामीण, कई बुरी तरह झुलसे, हड़कंप मचा
- सूचना के बाद भी डेढ़ घंटे तक नहीं बंद की गई बिजली