डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर हुई सात
अधिकारियों का दावा पांच मरीज हुए स्वस्थ
विभाग में मची खलबली
ललितपुर। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को जिले में दो डेंगू के मरीज पाए गए थे कि बृहस्पतिवार को दो और मरीज निकलकर आए हैं। इस तरह कुल मिलाकर डेंगू के मरीजों की संख्या सात हो गई है। जिला संक्रामक अधिकारी राजेश भारती का कहना है कि जिला अस्पताल में कि पांच डेंगू के मरीजों को उपचार से फायदा हुआ है और वह स्वस्थ्य होकर चले गए। स्वास्थ्य विभाग मामले को दबाए रहा, अब मामला खुलने पर उनसे जवाब देते नहीं बन रहा है।
जिले में अब तक डेंगू के पांच मरीजों की पुष्टि हुई है। इसमें बेबी राजा उम्र 25 वर्ष निवासी तेरई फाटक, सौरभ राजा उम्र 19 वर्ष निवासी करगन, अरविंद्र उम्र 30 वर्ष निवासी गुंदरापुर, मनीष उम्र 28 वर्ष निवासी कड़ेसरा, पंकज उम्र 31 वर्ष निवासी शहर क्षेत्र चांदमारी को डेंगू हुआ है तो वहीं, बृहस्पतिवार को दो संभावित मरीज पाए गए है। इनकी जिला अस्पताल में स्क्रीनिंग की करने पर डेंगू पॉजीटिव आया है। इनमें शहर क्षेत्र के कसाई मंडी निवासी मूसा उम्र 22 वर्ष व विकासखंड बार निवासी इमरती उम्र लगभग 55 वर्ष है। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनका ब्लड सेंपल लेकर एलीज टेस्ट के लिए झांसी भेजा गया है। जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं आम लोगों में भी डेंगू का भय सता रहा है।
स्वास्थ्य विभाग दबाए रहा मामला
स्वास्थ्य विभाग बीते दिनों से जिले में डेंगू की मरीजों की जानकारी को दबाए रहा, जिससे विभाग के अन्य अधिकारियों को भी जिले में डेंगू के मरीज मिलने की जानकारी नहीं मिली। बीते बुधवार को स्वास्थ्य अफसरों द्वारा दी गई सूचना में बताया गया कि इस वर्ष जिले में डेंगू का एक भी मरीज नहीं पाया गया जबकि जिले में डेेंगू दस्तक दे चुका था। इसकी जानकारी कई स्वास्थ्य अफसरों को दस अक्टूबर से पूर्व ही मिल चुकी थी। अफसरों की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में हैं।
बंद पड़ा आईसोलेशन वार्ड
एक ओर स्वास्थ्य विभाग डेंगू के मरीजों के स्वास्थ्य होने का दावा कर रहा है। लेकिन जिला अस्पताल में बने आईसोलेशन वार्ड में ताला लगा है। इतना ही नहीं इसकी कई महीनों से सफाई नहीं की गई है। इसके बावजूद डेंगू के मरीज को स्वास्थ्य होना बताया गया है। डेंगू के मरीज से किसी अन्य मरीज को डेंगू न फैले जिसके लिए जिला अस्पताल में एक अलग वार्ड बना हुआ है। लेकिन वार्ड न खुलने से सामान्य वार्ड में ही डेंगू से पीड़ित मरीज का उपचार किया गया।
जिला अस्पताल में डेंगू के मरीजों की सामान्य उपचार की सुविधा है। लेकिन मरीज ही हालत गंभीर व प्लेट कम होने पर रेफर किया जाता है।
डा. एसके बासवानी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक
जिला अस्पताल ललितपुर
शहरी क्षेत्र में लगातार सफाई की जा रही है। लेकिन कुछ निजी परिसर में जल भराव होनेे या कूलर, गमलों में जल भराव हो सकता है। जिसके लिए लोगों को जागरुक किया जाएगा। साथ ही जलभराव हो खाली कराया जाएगा।
डा. हुसैनखांन
नगर स्वास्थ्य अधिकारी
डेंगू मरीज की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरोधात्मक कार्रवाई लगातार की जा रही है। साथ ही रेपिड रिस्पांस टीम लार्वासाइड स्प्रे का छिड़काव कराया गया। साथ ही गांव में साफ-सफाई कराई गई। लोगों को जागरुक भी किया जा रहा है। डा. राजेश भारती
जिला संक्रामक रोग नियंत्रण अधिकारी