पदानवत की कार्रवाई का किया गया विरोध
ललितपुर।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुमार ने सुप्रीम कोर्ट व शासनादेश के अनुुपालन में विगत 19 मार्च को 114 ऐसे शिक्षकों को पदावनत कर दिया हैं, जिन्होंने 15 नवंबर 1997 से 28 अप्रैल 2012 के बीच आरक्षण का लाभ लेकर पदोन्नति पाई थी। इस कार्यवाई के बाद उक्त शिक्षक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के खिलाफ लामबंद हो गए हैं, उन्होंने इस कार्रवाई के विरोध आर-पार की लड़ाई लड़ने का विगुल फूंक दिया है।
विगत रोज एससी एसटी बेसिक टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष दिनेश विद्रोही की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ललितपुर अंबरीष द्वारा 114 शिक्षकों के खिलाफ की गई पदावनत की कार्रवाई का विरोध किया और आरोप लगाया है कि बीएसए ने यह कार्रवाई झांसी के राज्यसभा सांसद के कहने पर की है। इसके साथ ही उन्होंने बीएसए पर जातीय उत्पीड़न का भी आरोप लगाते हुए जेल भेजे जाने की बात कही है। इसके साथ ही संगठन के स्थानीय पदाधिकारियों ने यह निर्णय लिया है कि वह इस कार्रवाई के आदेश को निरस्त कराने की मांग को लेकर 23 मार्च से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने धरना-प्रदर्शन के संबंध में डीएम को ज्ञापन भी सौंपा है। इस दौरान अमित कुमार, राहुल, अजय गौतम, ध्यानचंद्र, श्याम बिहारी, ज्योति साध, गीता, शीला रानी, भारती निगम, लक्ष्मीनारायण, हरीराम वर्मा, अनिल सिंह उपस्थित रहे।