एक सभासद उम्मीदवार का नहीं खुला वोट का खाता
ललितपुर। नगर पालिका परिषद के सभासद चुनाव में जहां वार्ड नंबर छह रामनगर में एक वोट से हार जीत तय हुई। वहीं, रावतयाना द्वितीय के एक उम्मीदवार को एक भी वोट नसीब नहीं हुआ। वार्ड में यह चर्चा का विषय बन गया है।
लोकतंत्र में एक-एक वोट का महत्व होता है। इस चुनाव में यह एक बार साबित हुआ। वार्ड नंबर छह रामनगर में सपा उम्मीदवार रोहित राठौर ने अपने प्रतिद्वंदी को एक वोट से हरा दिया। वहीं, वार्ड नंबर चौदह रावतयाना द्वितीय में पंद्रह उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे थे। इनमें से एक निर्दलीय उम्मीदवार गायत्री मतदान में मतदाताओं का एक भी वोट नहीं पा सकीं। यहां जमुनाबाई 627 मत लेकर बसपा की यास्मीन बेगम को नौ वोट शिकस्त देते हुए जीत दर्ज की। यह मतगणना के पश्चात स्पष्ट हुई। उधर, भगत रैकवार का कहना है कि चुनाव से पहले यह तय हो गया था कि समाज का जहां उम्मीदवार होगा, उसके लिए समर्थन दिया जाएगा। इसे ध्यान में रखकर वार्ड नंबर चौदह रावतयाना द्वितीय में बहू गायत्री का पर्चा भरवाया था। यहां समाज के करीब साढ़ेे चार सौ वोट हैं, जिसका फायदा उन्हें मिल सकता था, लेकिन ऐन मौके पर समाज ने उनका साथ छोड़ दिया। इसके अतिरिक्त हमारा परिवार मुहल्ला पिसनारी में रहता है। ऐसी स्थिति में बहू ने पहले ही हार मान ली और वह घर बैठ गई।
दहाई का भी आंकड़ा नहीं छू पाए
वार्ड नंबर दो रैदासपुरा में कपूर चंद को पांच वोट, कुसुम को चार वोट, वार्ड नंबर तीन नेहरू नगर में आकाश को नौ वोट, वार्ड नंबर पांच झांसीपुरा में अंगूरी को नौ वोट, वार्ड नंबर छह रामनगर में दयाराम को सात वोट, वार्ड नंबर नौ सिविल लाइन प्रथम में पवन कुमार को छह वोट, वार्ड नंबर तेरह से जयंती को छह वोट, वार्ड नंबर चौदह रावतयाना में ऊषा को छह वोट, वार्ड नंबर तेइस रावतयाना प्रथम में रियाज को छह वोट मिले।