श्रेष्ठ पांच पाठ्य योजनाओं का होगा चयन
ललितपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण संचालन के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान प्राचार्य ने नवाचारी शिक्षकों की सूची अगस्त माह के दूसरे सप्ताह तक उपलब्ध कराने के निर्देश खंड शिक्षा अधिकारियों को दिए।
प्राचार्य जेपी राजपूत ने कहा कि नवाचारी शिक्षकों का चयन ब्लाक स्तर पर डायट द्वारा नामित प्रतिनिधि, संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी एवं वरिष्ठ प्रधानाध्यापक की उपस्थिति में कराया जाए। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा अध्यापकों से शोध कराने के लिए कहा गया है। उन्होंने कक्षा शिक्षण में आ रही छोटी-छोटी समस्याओं के निदान के लिए अध्यापकों को क्रियात्मक शोध के लिए प्रेरित करने के निर्देश बीएसए को दिए। बैठक में प्रोफेशनल लर्निंग कम्युनिटी के गठन के संबंध में जानकारी दी गई। यह भी बताया कि ब्लाक के शिक्षकों द्वारा तैयार की गई पांच श्रेष्ठ पाठ्ययोजना का चयन किया जाना है। इस मौके पर बीएसए अंबरीश कुमार, कीर्ति शुक्ला, उमा चौबे, आलोक श्रीवास्तव, हेमंत तिवारी, खंड शिक्षा अधिकारी योगेंद्र नाथ, बृजेश सिंह आदि उपस्थित रहे।