ललितपुर। डेंगू जैसी संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए चल रहे अभियान में टीम को 1109 एडीज मच्छर के लार्वा मिले, लेकिन जांच के अभाव में डेंगू मरीज चिह्नित नहीं हो सके। लार्वा को दवा का छिड़काव कर नष्ट किया गया। उधर, डेंगू से खुद को बचाना बहुत जरूरी है। डेंगू के लक्षण नजर आते ही डॉक्टर के पास जाएं, अपने मन से कोई दवा न लें। झोलाछापों से दूर रहें।
बारिश के मौसम में डेंगू जैसी संक्रामक बीमारियों की रोकथान में लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण अभियान चलाया गया। अभियान में टीमों ने 73931 घरों व अन्य स्थानों का निरीक्षण किया। इसमें 1109 एडीज मच्छर के लार्वा पाए गए। एडीज लार्वा सरकारी कार्यालय, घर व दुकानों में रखे कूलर और टंकियों की जांच में पाए गए। लेकिन लगातार लार्वा मिलने के बाद भी डेंगू की जांच शुरु नहीं की गई। जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि डेंगू की जांच के लिए जिला अस्पताल में जांच शुरु हो गई है। अब संदिग्ध मरीज होने पर एलाइजार टेस्ट के लिए सैंपल भेजा जाएगा। अब तक कोई मरीज चिह्नित नहीं है।
----------
नहीं है एलाइजा टेस्ट की सुविधा
डेेेंगू के मरीजों की जांच की सुविधा जनपद में नहीं है। किट से जांच के बाद पुष्टि के लिए अब भी मेडिकल कॉलेज में जांच के लिए सैंपल भेजा जाता है। जहां पर जांच रिपोर्ट आने में भी समय लग जाता है। तब तक अन्य लोगों में भी फैलने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा प्लेट कम होने पर मरीजों को उपचार के लिए झांसी रेफर करना पड़ता है।
-------
एडीज मच्छर के काटने होता है डेंगू, लक्षण पहचानें
डेंगू बीमारी एडीज मच्छर के काटने से होती है। मच्छर काटने के पांच से छह दिन बाद डेंगू के लक्षण दिखाई देने लगते हैं। डेंगू के सबसे खतरनाक लक्षणों में हड्डियों का दर्द है। इससे डेंगू बुखार को हड्डी तोड़ बुखार भी कहा जाता है। अगस्त से नवंबर माह डेंगू अधिक होता है। इसके अलावा तेज सिर दर्द, पीठ व आंखों में दर्द, नाक से खून बहना और जोड़ों में दर्द इसके खास लक्षण हैं।
----------
इस तरह करें बचाव
- एडीज मच्छर दिन में काटता है, शरीर को ढककर रखें।
- घर के अंदर और आस-पास सफाई रखें।
- कूलर, गमले और टायर आदि में पानी जमा न होने दें।
- कूलर या पानी वाली जगहों पर केरोसिन डाल दें।
- पानी की टंकियों को सही तरीके से ढककर रखें।
- सप्ताह में एक बार कूलर व कंटेनरों को साफ करें और सूखने के बाद पानी भरें।