मरणोपरांत नेत्रदान से बढा कोई दूसरा पुण्य नहीं
राज्यमंत्री ने समापन पर लिया नेत्रदान का संकल्प
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। मरणोपरांत नेत्रदान से बढ़ा दूसरा कोई पुण्य का कार्य नहीं है, इसमें व्यक्ति जरूरतमंद को नेत्र ज्योति प्रदान कर सदैव के लिए अमर हो जाता है। समदृष्टि क्षमता विकास और अनुसंधान मंडल सक्षम का नेत्रदान संकल्प सुरक्षा पखबाड़ा के समापन पर प्रदेश के श्रम राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ने उक्त विचार व्यक्त करते हुए नेत्रदान का संकल्प लिया।
नगर के दीवान रघुनाथ सिंह इंटर कॉलेज में राज्यमंत्री ने कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख पुष्प अर्पित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंधक दीवान विक्रम सिंह मदनपुर ने करते हुए सक्षम द्वारा चलाए जा रहे नेत्र परीक्षण कार्यक्रम और नेत्रदान जागरुकता अभियान की प्रसंशा की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अक्षय अलया ने कहा स्कूली बच्चों की नेत्र ज्योति का परीक्षण किया जाना नितांत जरुरी है, इससे बच्चे मेधावी और उनका भविष्य सुरक्षित रहता है। सक्षम के प्रांतीय सहमंत्री शिवकुमार चतुर्वेदी ने सक्षम की गतिविधियों से अवगत कराते हुए जानकारी दी। नेत्रदान सुरक्षा संकल्प पखवाड़ा के अंतर्गत नगर के रामरतन विद्या मंदिर जूनियर हाईस्कूल में 21, जयगुरुदेव विद्यामंदिर में 12, एसबीएस कांवेंट स्कूल में 2, शांतिसागर जूनियर हाईस्कूल में 6, सुधासागर कन्या इंटर कॉलेज में 28, दीवान रघुनाथ सिंह इंटर कॉलेज में 7 बच्चों की नेत्रज्योति कम पाई गई। जबकि 1870 से अधिक बच्चों का नेत्र परीक्षण अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जेएस बख्सी द्वारा गठित टीम के मनीश कुमार नारायण दास द्वारा किया गया। चश्मा हेतु चिंहित छात्रों को सक्षम द्वारा निशुल्क चश्मा वितरित किए जाने की घोषणा की।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री अजय जैन ने किया और बताया कि नेत्रदान संकल्प अभियान नगर में जारी रहेगा। वर्तमान में 80 से अधिक महिला पुरुषों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर अपना संकल्प दोहराया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र जैन,गोविंद व्यास, ध्रुव साहू, राजेश डोडवानी, दीपक सिंघई अभिषेक सोनी, राजीव जैन, संदीप बुंदेला, पीयूष सिंघई, सक्षम अग्रवाल, प्रधानाचार्य राजेंद्र मिश्रा, राजकुमार रजक, बृजमोहन वैद्य, नंदरामसिंह भगवान नारायण तिवारी, हरनारायण श्रोतीय, तनवीर आदि उपस्थित रहे। आभार जिला उपाध्यक्ष आलोक रिछारिया ने व्यक्त किया।