नहीं देखने वाला, रात में अंधेरा दिन में उजाला
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। इन दिनों नगर पालिका परिषद की सफाई एवं मार्ग प्रकाश व्यवस्था पटरी से उतर गई है। कहीं, रात में अंधेरा पसरा है तो कहीं दिन में मार्ग की लाइटें उजाला दे रही हैं।
नगर पालिका के आउट सोर्सिंग कर्मचारियों ने शासनादेश के मुताबिक पारिश्रमिक नहीं मिलने के विरोध में हड़ताल कर रखी है। जिसका विपरीत असर नगर पालिका के कामकाज पर दिखाई देने लगा है। सबसे ज्यादा असर सफाई व मार्ग प्रकाश व्यवस्था पर देखा जा रहा है। सफाई कर्मियों के हड़ताल पर जाने से नालियों की नियमित सफाई नहीं हो पा रही है। नगर पालिका परिषद कार्यालय के इर्दगिर्द कचरे के ढेर लगने लगे हैं। कार्यालय से चंद कदम की दूरी पर नाली कचरे से भर गई हैं। गेंदालाल पेट्रोल पंप के पास बनी पुलिया और नाली में कचरा भरा पड़ा है। मार्ग प्रकाश व्यवस्था का भी बुरा हाल हो गया है। मुहल्ला चौबयाना में दिन में भी रोड लाइट जल रही हैं तो चंडी मंदिर, नेहरू नगर सहित कई मुहल्लों की गलियों में अंधेरा पसर गया है। जिससे नगरवासियों की तकलीफें बढ़ गई हैं। उधर, पालिका प्रांगण में आउट सोर्सिंग कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन आज भी जारी रहा। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक ठेका निरस्त नहीं होगा तब तक उनका धरना चलता रहेगा। धरना लंबा खिंचने से कई आउट सोर्सिग कर्मचारियों में बैचेनी देखी जा रही है।त्र् उनका कहना है कि धरना जल्द से जल्द समाप्त होना चाहिए, जिससे कि वह पुराने दिनों की तरह काम को आगे बढ़ाया जा सके। इस संबंध में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार से दूरभाष नंबर 9452738489 पर दो बार संपर्क करने का प्रयास किया गया। लेकिन, उनसे बात नहीं हो सकी।