ललितपुर। पंचायत चुनाव के बाद आयोजित किए गए पहले तहसील दिवस में सन्नाटा पसरा रहा। इस दौरान कुल 18 आवेदन पत्र प्राप्त हुए।
सदर तहसील में जिलाधिकारी डा. रूपेश कुमार की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया, इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 18 आवेदन पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने तहसील दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों को समयबद्ध रूप से निस्तारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि शासन स्तर से तहसील दिवस में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत की समीक्षा की जा रही है। अत: प्राप्त शिकायतों का निस्तारण अधिकारी निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से करना सुनिश्चित करें, ताकि जन सामान्य को तहसील दिवस के आयोजन का वास्तविक लाभ मिल सके।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह, एसडीएम रमेश चंद्र, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुरेश चंद्र मिश्र, जिला विकास अधिकारी देवेंद्र प्रताप, उपायुक्त मनरेगा नरेंद्र देव द्विवेदी, तहसीलदार अवधेश निगम, क्षेत्राधिकारी ओमकार यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सत्येंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।