ललितपुर। पल्स पोलियो अभियान के तहत स्कूली बच्चों ने रैली निकाली। इस दौरान 13 सितंबर से 18 सितंबर तक चलने वाले पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की जानकारी दी गई।
शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सत्येंद्र कुमार ने नगर शिक्षा संसाधन केंद्र में हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में सिविल लाइन, प्राइमरी, जूनियर और मिशन स्कूल के छात्र- छात्राएं शामिल रहे। इस दौरान बताया गया कि जिला में 13 सितंबर से 18 सितंबर तक 0 से पांच वर्ष तक के 2,09,365 बच्चों को पोलिया ड्राप पिलाई जाएगी। इसके लिए 713 पल्स पोलियो बूथ, 433 घर- घर जाने वाली टीमें और 121 सुपरवाइजरों को तैनात किया गया है। अभियान के दौरान 132 अतिसंवेदनशील क्षेत्रों को भी चिह्नित किया गया है। पोलियो अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया गया।