बांकेगंज। डालीगंज-मैलानी पैसेंजर ट्रेन नंबर 55084 में सवार कस्बा बेहजम निवासी मनोज मिश्रा का पुत्र जितेंद्र मिश्रा (23) बांकेगंज स्टेशन से पहले चलती ट्रेन से कूदकर गंभीर घायल हो गया। यात्री के चेहरे पर चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया है।
अस्पताल में भर्ती घायल जितेंद्र ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह लखनऊ से लखीमपुर आने के लिए पैसेंजर ट्रेन में सवार हुआ था। इस बीच उसे नींद आ गई। लखीमपुर स्टेशन निकलने के बाद इस बात की जब जानकारी हुई तो हड़बड़ाहट में बांकेगंज के पास चलती ट्रेन से कूद गया। गनीमत यह रही कि कूदने के दौरान ट्रेन की रफ्तार धीमी थी, इससे बड़ा हादसा बच गया। होश आने पर अस्पताल में भर्ती होने का अहसास हुआ। सीएचसी अधीक्षक डॉ. एके सिंह ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।