लखीमपुर खीरी। चैत्र महीने के नवरात्र को लेकर जिला कारागार प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। व्रती महिला और पुरुष बंदियों के लिए पूजा सामग्री का इंतजाम किया गया है।
जिला जेल अधीक्षक पीडी सलौनिया ने बताया कि कारागार में बंद महिला-पुरुष बंदियों ने व्रत रखने की इच्छा जताई थी। इसको देखते हुए बृहस्पतिवार की सुबह बंदियों के पूजन के लिए विशेष इंतजाम करते हुए पूजन-सामग्री मंगवाई गई। कारागार के 822 महिला-पुरुष बंदियों में से 12 महिलाओं के साथ ही 126 पुरुषों उपवास रख रहे हैं। सभी बंदियों और कैदियों का मेडिकल कराने के बाद ही यह अनुमति प्रदान की गई है। कहा कि व्रती बंदियों के लिए फलाहार का इंतजाम भी किया गया है। इसके लिए अलग से मेनू चार्ट बनाकर दूध, फल आलू आदि की व्यवस्था की गई है, जिसे समय के अनुसार दिए जाने के निर्देश हैं।