धौरहरा। पढुआ थाना क्षेत्र के गांव रमुआपुर में 18 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने गांव के एक युवक और उसके साथी पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रमुआपुर निवासी अतुल भट्ट (18) पुत्र अवधेश भट्ट शुक्रवार रात से लापता थे। परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह गांव के बाहर गन्ना सेंटर के पास नाले के किनारे वह बेहोशी की हालत में पड़े मिले। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रमियाबेहड़ ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता अवधेश भट्ट का आरोप है कि अतुल करीब एक सप्ताह पहले गांव के ही एक युवक के साथ सीतापुर मजदूरी करने गया था। वहां उसका परिचय सीतापुर निवासी एक अन्य युवक से हुआ। आरोप है कि दोनों ने अतुल से 95 हजार रुपये और उसकी मोटर साइकिल ले ली थी। जब उसने रुपये और बाइक वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगे। परिजनों का आरोप है कि रुपये और मोटर साइकिल हड़पने की नीयत से दोनों ने अतुल को जहर देकर उसकी हत्या कर दी।
वर्जन-
अतुल का आपराधिक इतिहास रहा है। खुद जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। पोस्टमाॅर्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर आरोपों की जांच की जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
शिवम कुमार, सीओ निघासन।